पटना: लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सेना के जवान को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
पटना, 18 अगस्त: बिहार की राजधानी पटना में अपराधी बेलगाम हो चले हैं। बुधवार 17 अगस्त को कोचिंग से लौट रही एक 16 वर्षीय छात्रा की हत्या के कुछ ही घंटों बाद गुरुवार 18 अगस्त को अपराधियों ने सेना के जवान की लूट के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

इस वारदात की खबर मिलते ही जवान के घर में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस लूटपाट समेत अन्य पहलुओं की तफ्तीश में जुट गई है। यह वारदात पटना के कंकड़बाग थाना इलाके के ओल्ड बायपास स्थित चंदन ऑटोमोबाइल्स के पास हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बबलू कुमार मूल रूप से राघोपुर के चांदपुरा गांव के निवासी बबलू पाटलिपुत्र स्टेशन की ओर बाइक पर जा रहे थे। इस दौरान कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
इस दौरान सेना के जवान बबलू कुमार ने अपराधियों का विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें सिर पर गोली मार दी। बबलू कुमार के पिता अमरनाथ यादव ने बताया कि बबलू कुमार गुहाटी में तैनात थे और पटना में अपने बेटा का सेंट्रल स्कूल में एडमिशन करवाने आए थे। जवान बबलू कुमार का शव दानापुर आर्मी ऑफिस लाया गया जहां सेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रधांजलि दी। वहीं, कंकड़बाग थानेदार रविशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लूटपाट समेत अन्य पहलुओं पर भी तफ्तीश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications