75 साल के बुजुर्ग, जिनको 'हरे रामा, हरे कृष्णा' करना चाहिए, वे मांग रहे एक और मौका: मुकेश सहनी
Mukesh Sahani News: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री आज चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 75 साल के बुजुर्ग, जिनको 'हरे रामा, हरे कृष्णा' करना चाहिए।
वे आज इस चुनाव में प्रधानमंत्री बनने का एक और मौका मांग रहे हैं। उन्होंने भाजपा को सबसे बड़ा झूठ बोलने वाली राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि 2014 में लोगों को झांसा देकर सत्ता में आ गयी। जमुई, गया और मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में अलग - अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए सहनी ने राजद प्रत्याशी के लिए वोट देने की अपील की।

मुकेश सहनी ने कहा कि लालू प्रसाद की विचारधारा वाली सरकार बनने के बाद गरीब का बच्चा भी सिर उठाकर जी सकेगा। उन्होंने इस चुनाव की लड़ाई को आजादी की लड़ाई के समान बताते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों को भगाया, हमें तानाशाहों को सत्ता से हटाना है।
'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से चर्चित सहनी ने कहा कि आज छात्र, युवा और किसान परेशान हैं। युवाओं को न नौकरी मिल रही है और न किसानों को उत्पादन का लागत। आज ये संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। आज यह सरकार आम लोगों की नहीं उद्योगपतियों के हक की बात करती है। सही अर्थों में यह सरकार गरीबों की नहीं अडानी और अम्बानी की है।
मुकेश सहनी ने कहा कि पहले प्रखंड के अधिकारियों को धमकी देकर रिश्वत लेने की बात सुनी जाती थी लेकिन आज प्रधानमंत्री पहले ईडी, सीबीआई और आईटी से नोटिस दिलवाते हैं और फिर उससे चंदा लिया जाता है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या ऐसे प्रधानमन्त्री को सत्ता में बनाये रखा जा सकता है।
'अपने दिल से जानो पराये दिल का हाल' को उद्धृत करते हुए कहा कि हमारे चार विधायक जीते थे, लेकिन भाजपा ने गरीब के बेटे को तोड़ने के लिए झुकाने के लिए सभी विधायकों को खरीद लिया और सरकार से भी हटा दिया। उन्होंने कहा कि हम हारने वाले नहीं संघर्ष करने वाले है। उन्होंने वीआईपी के कार्यकर्ताओं को गॉंव और टोलों तक जाकर राजद के प्रत्याशियों के लिए वोट दिलाने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications