बिहारी कहते हैं, मोदी जी आप चिंता मत कीजिए, हम लोग आपको बोरा में भर के वोटे देंगे, PK ने क्यों कहा ऐसा?
Lok Sabha Election 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक पार्टियों के नेता वादों की झड़ी लगा रहे हैं। पक्ष और विपक्ष के नेता विभिन्न मुद्दों पर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।
चुनावी दांवपेंच के बीच मशहूर रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी लगातार बिहार में पदयात्रा कर रहे हैं। विभिन्न ज़िलों में जाकर मतदाताओं से रूबरू हो रहे हैं। इसी क्रम में प्रशांत किशोर ने बिहरियों पर तंज़ कसते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि गुजरात के लोगों ने पीएम मोदी से कहा कि आप विकास करें, हम आपको वोट देंगे। इसलिए गुजरात में फ़ैक्ट्रियां लग रही हैं, लोगों के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ रहे हैं। वहीं बिहार के लोग दूसरे राज्यों में जाकर रोज़गार ढूंढ रहे हैं। इसकी वजह क्या है, क्यों बिहार में रोज़गार नहीं है।
प्रशांत किशोर ने कहा की पीएम मोदी कह रहे हैं कि बिहार में आज क़रीब 9 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ़्त में 5 किलो राशन मिल रहा है। मोदी की गारंटी है कि अगले पांच भी मुफ़्त राशन मिलता रहेगा। गुजरात में मोदी जी विकास कर रहे हैं, बुलेट ट्रेन चला रहे हैं, फ़ैक्ट्री लगा रहे हैं।
कभी आप ने पूछा मोदी जी बिहार में फ़ैक्ट्री क्यों नहीं चला रहे हैं। इसलिए नहीं चला रहे हैं क्योंकि गुजरात का आदमी कह रहा है कि मोदी विकास कीजिएगा तो आपको वोट देंगे। बिहार का आदमी कह रहा है मोदी जी चिंता मत कीजिए चार किलो अनाज भीख में दे ही रहे हैं। हम लोग आपको बोरा में भर के वोट देंगे।
आपको बता दें कि प्रशांत किशोर लगातार बिहार के विभिन्न ज़िलों में पैदल यात्रा कर मतदाताओं से वोट सोच समझकर करने की अपील कर रहे हैं। चर्चा है कि प्रशांत किशोर आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तरह से अपनी पार्टी के उम्मीदवार बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतार सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications