नितिन गडकरी ने बताया आखिर किस वजह से प्रियंका गांधी गंगा में यात्रा कर सकीं
नई दिल्ली। पूर्णकालिक राजनीति में आने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इलाहाबाद से लेकर वाराणसी, बिहार तक गंगा में बोट यात्रा की। वह नाव पर सवार होकर तमाम जगहों पर गईं और इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की और पीएम मोदी और भाजपा पर जमकर हमला बोला। लेकिन प्रियंका गांधी की इस गंगा यात्रा को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा बयान दिया है।
नितिन गडकरी ने कहा कि अगर मैंने इलाहाबाद से वाराणसी के बीच वाटरवे नहीं बनाया होता तो आखिर कैसे प्रियंका गांधी वाड्रा यह यात्रा कर पातीं। उन्होंने गंगा का पानी पीया, क्या वह यूपीए सरकार के दौरान गंगा का पानी पी सकती थीं। नितिन गडकरी ने दावा किया है कि 2020 तक गंगा का पानी 100 फीसदी साफ हो जाएगा। नितिन गडकरी ने कहा कि जब प्रियंका गांधी नाव यात्रा पर थीं तो उन्होंने इस बात का जिक्र करना चाहिए था कि हमारी सरकार ने यह संभव करके दिखाया है।
गडकरी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने लेख लिखकर देश में सड़क निर्माण कार्य की तारीफ की है। ऐसे में प्रियंका गांधी को भी गंगा यात्रा के दौरान सरकार के काम की तारीफ करनी चाहिए थी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अकेले ही लोकसभा चुनाव लड़ रही है। जबकि सपा और बसपा यहां गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की 80 में से 71 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि एनडीए सहयोगी अपना दल ने यहां दो सीटें जीती थीं।