भाजपा ने राम मंदिर निर्माण के वायदे को पूरा नहीं किया- हार्दिक पटेल
नई दिल्ली। किसान कांति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने भारतीय जनता पार्टी पर राम मंदिर मुद्दे को लेकर बड़ा हमला बोला है। हार्दिक पटेल ने कहा कि पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाने का अपना वायदा पूरा नहीं किया। मीडिया से बात करते हुए हार्दिक ने कहा कि भाजपा ने लोगों के साथ धोखा किया है। इन लोगों ने वायदा किया था कि वह मंदिर का निर्माण कराएंगे लेकिन पार्टी ने अपना वायदा पूरा नहीं किया। अब देश की जनता आने वाले लोकसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाएगी।

हार्दिक पटेल ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का ताला तत्कालीन राजीव गांधी की सरकार ने खुलवाया था जबकि भाजपा लगातार इस मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है। भाजपा लोगों को सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर इस मुद्दे पर लोगों को भटका रही है। कुशीनगर में मीडिया से बात करते हुए हार्दिक ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है। केंद्र में भाजपा की सरकार कुछ नहीं कर रही है वह किसानों को नजरअंदाज कर रही है और उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रही है। जरूरत है कि स्वामिनाथन कमेटी की सिफारिशों को लागू किया जाए।
जिस तरह से उत्तर प्रदेश में अपराध बढ़े हैं उसपर हार्दिक ने कहा कि इससे साबित हो गया है कि योगी सरकार विफल हो चुकी है, उन्होंने कहा कि हर धर्म का बराबरी का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। पाटीदार नेता ने कहा कि प्रदेश में भगवान को भी नहीं बख्शा जा रहा है, लोगों का विकास से ध्यान भटकाने के लिए लिए देवी-देवताओं का सहारा लिया जा रहा है। पहले लोग कहते थे कि राहुल गांधी जहां भी रैली को संबोधित करेंगे वहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। अब जहां भी योगी आदित्यनाथ रैली करते हैं भाजपा को हार का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें- अहमदनगर मेयर चुनाव में NCP-बसपा ने दिया बीजेपी को समर्थन, मचा बवाल












Click it and Unblock the Notifications