सोमनाथ भारती ने 2 बार की थी पत्नी की हत्या की कोशिश: पुलिस
नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। घरेलू हिंसा के आरोप में घिरे सोमनाथ भारती को लेकर पुलिस ने नया खुलासा करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में कहा है कि सोमनाथ भारती ने अपनी पत्नी लिपिका मित्रा की दो बार हत्या करने की कोशिश की।
सोमनाथ भारती के पत्नी का आरोप: मैं सुंदर नहीं इसलिए मेरे साथ बुरा बर्ताव किया
पुलिस के मुताबिक सोमनाथ भारती ने पहली बार अपनी पत्नी की हत्या की कोशिश उस वक्त की जब वो गर्भवती थी। दूसरी बार भारती ने पत्नी की कलाई की नस काटने की कोशिश की, लेकिन दोनों ही बार वो नाकामियाब हुए। उन्होंने इस साल की शुरुआत में पत्नी की हत्या की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक सोमनाथ भारती का मामला सिर्फ पति पत्नी का घरेलू झगड़ा नहीं है। सोमनाथ ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ क्रूरता का व्यवहार किया है।पुलिस के मुताबिक उन पर पहले भी दो आपराधिक मामले चल रहे हैं। इस केस में कई सबूत जुटाने हैं। जहां पुलिस ने आरोप लगाया तो वहीं हाईकोर्ट ने सोमनाथ भारती को फौरी राहत दी है। कोर्ट ने भारती की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।