कोहली को 'छमिया' कहने वाले सहवाग ने इंग्लैंड के इस खिलाड़ी को बताया विश्व का बेस्ट बल्लेबाज
नई दिल्ली, जुलाई 05। एजबेस्टन टेस्ट में भारत को इंग्लैंड के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब भारत 350 से अधिक का टारगेट देने के बाद भी मैच हार गया। इस हार को लेकर क्रिकेट के तमाम दिग्गज खिलाड़ी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट की तारीफ की है। भारत के जबड़े से जीत छीन लेने वाले जो रूट को लेकर सहवाग ने कहा है कि वो इस वक्त टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज हैं।

जो रूट को लेकर क्या कहा वीरू ने ?
एजबेस्टन में भारत की हार के बाद वीरेंद्र सहवाग ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "इस अद्भुत रन मशीन जो रूट का यह सीरीज में चौथा टेस्ट शतक है, वर्तमान में यह खिलाड़ी दुनिया सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज है।" आपको बता दें कि जो रूट ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में आज चौथा और अपने टेस्ट करियर का 28वां शतक जड़ा था। पूरी सीरीज में उन्होंने 4 शतक की मदद से 700 से अधिक रन बनाए हैं।

रूट ने सीरीज में जड़े हैं 4 शतक
आपको बता दें कि जो रूट ना सिर्फ इस सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं, बल्कि उनके लिए यह साल ही जबरदस्त रहा है। जनवरी 2021 के बाद से रूट ने अभी तक 24 टेस्ट मुकाबलों में 11 शतक जड़ दिए हैं। जो रूट ने आज के मुकाबले में 173 गेंदों का सामना करते हुए 142 रन की पारी खेली। वहीं उनके साथ जॉनी बेयरस्टो ने 114 रन बनाए। वीरेंद्र सहवाग ने रूट की बल्लेबाजी की तारीफ की है।

सहवाग ने कोहली को कहा था छमिया
आपको बता दें वीरेंद्र सहवाग हाल ही में कॉमेंट्री के दौरान विराट कोहली पर एक आपत्तिजनक कॉमेंट करके फंस गए थे। हालांकि सहवाग ने वो कॉमेंट जानबूझकर नहीं किया था, बल्कि कोहली का एक रिएक्शन देखकर वो उनकी जुबान से गलती से निकल गया था। मैच के तीसरे दिन जब इंग्लैंड की पहली पारी चल रही थी तो उस वक्त कोहली ने एक इंग्लैंड के बल्लेबाज पॉट्स के आउट होने का जश्न मनाया था। कोहली जश्न मनाते हुए डांस करने लगे थे, तभी सहवाग ने लाइव कॉमेंट्री में उन्हें छमिया बोला था। वीरू इसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications