भारतीय टेस्ट टीम के लिए BCCI ने किया बड़ा ऐलान, अब प्रति मैच खिलाड़ियों को मिलेगी मोटी रकम, ये है नया नियम
खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देने और खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए बीसीसीआई ने 9 मार्च को एक ऐतिहासिक योजना की घोषणा की। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक इंसेंटिव स्कीम की घोषणा की है, जिसे टेस्ट क्रिकेट इंसेंटिव स्कीम नाम दिया गया है।
भारत के लिए एक सीज़न में 75 प्रतिशत से अधिक टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों को प्रति टेस्ट मैच 45 लाख रुपये अतिरिक्त शुल्क मिलने की तैयारी है। दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई द्वारा इस समय प्रत्येक टेस्ट क्रिकेटर को 15 लाख रुपये मैच फीस का भुगतान किया जाता है।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा कि, 'मुझे वरिष्ठ पुरुषों के लिए 'टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना' की शुरुआत की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिसका उद्देश्य हमारे सम्मानित एथलीटों को फाइनेंसियल ग्रोथ और स्थिरता प्रदान करना है। 2022-23 सीजन से शुरू होकर 'टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना' टेस्ट मैचों के लिए 15 लाख रुपये की मौजूदा मैच फीस के ऊपर एक अतिरिक्त इनाम संरचना के रूप में काम करेगी।'
इस योजना के लिए बीसीसीआई द्वारा प्रति सीजन 40 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान आवंटित किया गया है। एक सीज़न में 75 प्रतिशत से अधिक टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों को प्रति मैच 45 लाख रुपये की अतिरिक्त फीस से पुरस्कृत किया जाएगा। यहां तक कि जो लोग उक्त ब्रैकेट में प्लेइंग इलेवन में नहीं हैं, उन्हें प्रति मैच अतिरिक्त मैच फीस के रूप में 22.5 लाख रुपये मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications