IND vs ENG: धमाकेदार जीत के साथ ही रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, 112 साल में जो नहीं हुआ वो कर दिखाया
India vs England 5th Test Rohit Sharma: धर्मशाला में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवां टेस्ट मैच पारी और 64 रनों से जीतने के बाद भारतीय टीम ने बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
भारत ने सीरीज में की दमदार वापसी
पांच मैच की इस सीरीज में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा था। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को भारतीय टीम 28 रनों से गंवा बैठी थी। पहला टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए लगातार चार मुकाबलो में जीत हासिल की।

लगातार चार मैचों में दर्ज की जीत
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने बचे हुए चार मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया। भारत ने दूसरे टेस्ट मैच को 106 रनों से जीता था। वहीं तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम को 434 रनों से जीत मिली थी। भारतीय टीम की टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत थी। वहीं चौथे टेस्ट मैच को भारतीय टीम पांच विकेट से जीतने में कामयाब रही। जबकि पांचवा टेस्ट मैच भारत ने पारी और 64 रनों से अपने नाम किया।
रोहित ने रचा इतिहास
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के साथ ही रोहित शर्मा भारत के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को इस तरह कमाल की सीरीज जीत दिलाई है। दरअसल इससे पहले कभी भी 5 मैच की कोई टेस्ट सीरीज पहला मुकाबला हारने के बाद भारतीय टीम जीतने में सफल नहीं रही थी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दो ऐसी टीम हैं जिन्होंने पहला मैच हारने के बाद 4-1 से सीरीज जीती है। अब भारतीय टीम भी इस लिस्ट में शामिल हो गई है।
112 साल बाद हुआ ऐसा
पिछली बार 112 साल पहले इंग्लैंड ने यह कारनामा किया था। इंग्लैंड ने साल 1911-12 के दौरान पहला मैच हारने के बाद सीरीज 4-1 जीती थी। अब 112 साल बाद टीम इंडिया ने पहला मैच हारने के बाद सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications