पहली बार 350 से अधिक रन बनाने के बाद भी मैच हार गई टीम इंडिया, इंग्लैंड ने भी रचा इतिहास
बर्मिंघम, जुलाई 05। एजबेस्टन टेस्ट में टीम इंडिया की शर्मनाक हार हुई है। यह हार शर्मनाक इसलिए है, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में पहली बार टीम इंडिया 350 से अधिक का लक्ष्य देने के बाद भी मैच हार गई। टेस्ट क्रिकेट में आज तक ऐसा नहीं हुआ कि टीम इंडिया ने सामने वाली टीम को 350 से अधिक का लक्ष्य दिया है और भारत वो मैच हार गया हो, लेकिन इंग्लैंड ने आज 378 रन का भी लक्ष्य हासिल कर लिया है। इंग्लैंड ने 76.4 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 378 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज को 2-2 से बराबर कर लिया।

इंग्लैंड ने भी टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा लक्ष्य किया हासिल
आपको बता दें कि जहां एक तरफ भारत ने पहली बार 350 से अधिक का लक्ष्य देने के बाद भी मैच गंवा दिया है तो वहीं दूसरी इंग्लैंड ने भी टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। आज तक इंग्लैंड ने इतना बड़ा लक्ष्य कभी हासिल नहीं किया था। इससे पहले इंग्लैंड ने 2019 में लीड्स के अंदर 359 रनों का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल किया था। वहीं भारत के खिलाफ इससे पहले साल 1977 में ऑस्ट्रेलिया ने 339 रन का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया था।
फ्लॉप रही भारतीय गेंदबाजी
इंग्लैंड की इस ऐतिहासिक जीत में पूर्व कप्तान जो रूट और जबरदस्त फॉर्म में चल हे जॉनी बेयरस्टो का अहम योगदान रहा। इन दोनों खिलाड़ियों ने शतक लगाए। बेयरस्टो ने तो पहली पारी में भी शतक जड़ा था। भारत की ओर से दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए थे, जबकि एक विकेट रन आउट के रूप में गिरा था। इसके अलावा कोई भारतीय गेंदबाज दूसरी पारी में एक भी विकेट नहीं ले पाया।












Click it and Unblock the Notifications