द्वारचार के समय लोटा नहीं उठा पाया दूल्हा तो दुल्हन ने किया शादी से इनकार
Lakhimpur

क्या है मामला
मीडिया खबरों के अनुसार, मामला लखीमपुर खीरी के कोतवाली क्षेत्र के बरसोला कलां गांव का है। लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी थाना मितौली क्षेत्र से तय की थी। गुरुवार को सगाई थी। बरात समय पर गांव पहुंच गई। रात करीब बारह बजे बैंड की धुन पर नाचते-गाते बाराती कन्या पक्ष के दरवाजे पर पहुंचे। वहां द्वाराचार की रस्म की जाने लगी। द्वार पूजन के समय जब दूल्हा पहुंचा तो पुरोहित ने लोटा उठाकर जल छिड़कने को कहा। जिस पर दूल्हा लोटा नहीं उठा सका।

नहीं उठा सका लोटा
इस पर वहां मौजूद महिलाओं को संदेह हुआ। इस पर महिलाएं दूल्हे को लेकर घर के अंदर आई और दोबारा पानी से भरा लोटा दे कर उठाने को कहा। दूल्हे ने लोटा उठाने की जब कोशिश की तो उसके हाथ कांपने लगे और वह लोटा नहीं उठा सका। यह देख दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया। वधू को हर तरह से समझाने की काफी कोशिश की गई लेकिन वह किसी भी हालत में युवक के साथ शादी को राजी नहीं हुई। यह देख वर पक्ष ने यूपी 100 पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया।

पुलिस ने कराया दोनों पक्षों में समझौता
पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद दुल्हन को बुलाकर पूछताछ की तो जिस पर दुल्हन ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। काफी देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे का सामान वापस करने पर राजी हो गए। सामान वापसी के बाद शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे बरात बैरंग लौट गई।

क्या कहा पुलिस ने
कोतवाल विद्याराम दिवाकर ने बताया कि दूल्हे के एक हाथ में कोई कमी थी, जिससे वह भारी सामान नहीं उठा पा रहा था। इसलिए लड़की ने उसे नापसंद कर दिया और शादी करने से इंकार कर दिया था। दोनों पक्षों ने सुलह कर एक-दूसरे का सामान वापस लौटा दिया है। बरात बिना शादी किए वापस लौट गई है।












Click it and Unblock the Notifications