Video Viral होने पर किशोरी ने दी जान, परिजनों ने शव रख लगाया जाम, तोड़फोड़.. लाठीचार्ज.. दूसरे समुदाय..
लखीमपुर खीरी में एक किशोरी ने आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से आहत होकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने दूसरे समुदाय के 4 लड़कों पर आरोप लगाया। किशोरी की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की दुकानों में तोड़ाफ़ोड़ी कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। तनाव के माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पूरे मामले को समझने के लिए घटनाक्रम को सिलसिलेवार तरीके से समझना होगा। बता दें कि पूरा मामला लखीमपुर के संपूर्णानगर इलाके का है। मृतिका किशोरी की माँ के अनुसार, फरवरी माह में संपूर्णानगर में आगजनी की घटना हुई थी। उस दौरान उनके मकान में भी आग लग गई थी। जिसका नोटिस आया हुआ था। गुरुवार को उसके सिलसिले में मृतका की मां, बहन और छोटा भाई पलिया गए हुए थे।

फंखे से लगाई फांसी, बाहर गया था परिवार
उधर, उनकी 17 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। किशोरी की माँ के अनुसार उनकी करीब 11:30 बजे फोन पर बेटी से बात भी हुई थी। उसके बाद जब वह शाम 4 बजे घर पहुंचे तो बाहर का दरवाजा खुला हुआ था। जब अंदर पहुंच कर देखा तो कमरे में पंखे के साथ बेटी का शव लटक रहा था। यह देख घर में कोहराम मच गया।
दूसरे समुदाय के युवक पर आरोप
मां ने आरोप लगाया कि कस्बे के ही एक दूसरे समुदाय के युवक ने कुछ दिन पूर्व उनकी बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल किया था। वह वीडियो कस्बे में फैल गया। इस पर करीब एक सप्ताह पहले लड़के के घर पर शिकायत लेकर पहुंचे तो उन्होंने मारपीट कर भगा दिया था।
वहीं बेटी की मौत के बाद मामले में मृतका की मां ने दूसरे समुदाय के युवक पर किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने, धर्म परिवर्तन व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने आदि धाराओं में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

पहले शुक्रवार को रोड जाम
उधर, शुक्रवार सुबह मृतका के परिजन ग्रामीणों के साथ रोड पर पहुंचे और जाम लगा दिया। सूचना पर भाजपा नेता व बजरंग दल के युवा भी मौके पर जा पहुंचे। नारेबाजी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिए जाने के साथ घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग करने लगे। इसी बीच आनन-फानन में सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर जाम खुल सका।
अन्य आरोपी फरार, गुस्साए ग्रामीण
किशोरी का शव शनिवार रात करीब 10.30 बजे घर लाया गया। इसकी सूचना पर बजरंग दल और भीम आर्मी के कार्यकर्ता हजारा थाने की तरफ जुटने लगे। रात 11.30 बजे थाना गेट पर एसओ से वार्ता कर फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। गिरफ्तारी न होने पर शव का संस्कार न करने की बात कही। इस पर थाना प्रभारी ने लोगों को समझाते हुए कहा कि अन्य की गिरफ्तारी को लेकर टीम गठित की गई है। गौरतलब है कि मामले में जोहिद अख्तर, शोएब अख्तर, शोहिल, जाहिद नूर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज है।

शनिवार को तोड़फोड़
रातभर मामला शांत रहा। शनिवार सुबह फिर गुस्साई भीड़ ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि एफआईआर में नामजद फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इतने में दो युवक आरोपी युवक की दुकान में पीछे से तोड़फोड़ करने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। युवकों के पुलिस द्वारा पकडे जाने पर लोगों ने उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

भीड़ पर लाठीचार्ज
पुलिस बल ने थाने में घुसकर जैसे-तैसे अपना बचाव किया। बाद में पुलिस बल ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। लेकिन भीड़ ने आरोपी युवक की दुकान का माल निकालकर जला दिया। जबकि दूसरे समुदाय की जितनी दुकानें चौराहे तक थीं, सबमें तोड़फोड़ कर दी। सुबह 11:00 तक एएसपी नैपाल सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ पलिया आदित्य कुमार, निघासन सीओ राजेश कुमार समेत कई थानों के पुलिस बल भीड़ को समझाने में लगा रहा।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications