गूगल पर अब नहीं मिलेगी इस शब्द से जुड़ी जानकारी
नई दिल्ली। गूगल, याहू और माइक्रोसॉफ्ट ने अपने-अपने सर्च इंजन पर सर्च संबंधी एक बड़ा निर्णय लिया है। इन तीनों कंपनियों ने गर्भ में लिंग जांच से जुड़ी सभी जानकारियों व सूचनाओं को आॅटो ब्लॉक करने का नया तरीका आजमाया है। इसकी जानकारी खुद केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को दी है।

कुल 22 कीवर्ड हुए ब्लॉक
इन सभी कंपनियों ने कोर्ट को बताया है कि लिंग परीक्षण से जुड़ी जांच जैसे कुल 22 ऐसे प्रमुख कीवर्ड को पहले पहचाना और फिर इन्हें आॅटो ब्लॉक कर दिया। कोई भी शख्स अगर वेबसाइट पर भ्रूण जांच संबंधी ये कीवर्ड टाइप करेगा ता उसे कोई जानकारी ही नहीं मिलेगी। इसके साथ ही भविष्य में अगर इससे जुड़े कुछ अन्य शब्द सामने आते हैं तो उन्हें भी ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया जाएगा।
ये सभी कीवर्ड लिंग जांच संबंधी विज्ञापनों के खिलाफ याचिका दायर करने वाले डॉ. साबू जॉर्ज ने सुझाए थे। जॉर्ज ने आॅनलाइन सर्च इंजन कंपनियों पर इससे संबंधी विज्ञापन दिखाकर कानूनी उल्लंघन का आरोप लगाया था।

यह है लिंगानुपात संबंधी कानून
भारत में गिरते लिंगानुपात को कंट्रोल करने के लिए पीसीपीएनडीटी यानी गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम लागू है। इसमें जन्म से पहले लिंग जांच कराने पर प्रतिबंध है।
केंद्र सरकार ने इससे पहले सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि सरकार सर्च इंजन कंपनियों के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान निकालेगी।












Click it and Unblock the Notifications