पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस से वेटिकन में की मुलाकात, भारत आने का दिया न्योता, जी-20 समिट शुरू
वेटिकन सिटी में आज पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस से मुलाकात की है और उन्हें भारत आमंत्रित किया है। वहीं, अब पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
रोम, अक्टूबर 30: भारत के प्रधानमंत्री के इटली दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी ने आज पोप फ्रांसिस से मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी और पोप फ्रांसिस की मुलाकात बेहद गर्मजोशी के साथ हुई है और करीब एक घंटे तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत की गई है। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पोप फ्रांसिस को भारत आने का निमंत्रण दिया। पोप फ्रांसिस से मुलाकात के बाद पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत कर रहे हैं।

पोप फ्रांसिस से मुलाकात
लेकिन बताया जा रहा है कि, दोनों नेताओं के बीच की ये मुलाकात 20 मिनट से बढ़कर एक घंटे तक पहुंच गई। पीएम मोदी और पोप फ्रांसिस ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने और गरीबी को दूर करने जैसे कई वैश्विक मुद्दों पर गहराई से चर्चा की है और पृथ्वी को बेहतर बनाने के उद्येश्य से कई मुद्दों पर बात की है। आपको बता दें कि, आखिरी पोप की भारत यात्रा साल 1999 में हुई थी और उस वक्त भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे और उस वक्त पोप जॉन पॉल द्वितीय ने भारत का दौरा किया था। अब पीएम मोदी के कार्यकाल के दौरान पोप फ्रांसिस को भारत आने का न्योता मिला है। वहीं, 2013 के बाद ये पहला मौका है, जब पोप की किसी भारतीय प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई है।

जी-20 शिखर सम्मेलन
जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले शनिवार को पोप फ्रांसिस के साथ बैठक के बाद पीएम मोदी वेटिकन सिटी से रवाना हुए। उनके साथ भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर भी मौजूद थे। आपको बता दें कि, वेटिकन सिटी, रोम से घिरा एक राज्य है और रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय है। पोप से मुलाकात के बाद पीएम मोदी बहुप्रतीक्षित ग्रुप ऑफ 20 यानि जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने रोमा कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। इटली के प्रधानमंत्री मारियो ड्रैगी ने यहां पीएम मोदी की अगवानी की।
Recommended Video

वैश्विक एजेंडे पर मुलाकात और वार्ता
शिखर सम्मेलन शनिवार को रोम में शुरू हुआ है, जिसमें पीएम मोदी विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार, आमंत्रित देशों और अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ, वैश्विक एजेंडा के कई प्रमुख विषयों को संबोधित करेंगे। शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी शुक्रवार को इटली पहुंचे थे और यह आठवां जी-20 शिखर सम्मेलन है, जिसमें प्रधानमंत्री भाग ले रहे हैं।
शुक्रवार को भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा था कि, पीएम मोदी वैश्विक आर्थिक स्थिति, कोविड महामारी, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन पर जी-20 नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

इटली के राष्ट्राध्यक्ष से मुलाकात
वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके इतालवी समकक्ष मारियो ड्रैगी ने ऊर्जा संक्रमण में सहयोग को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया है। पीएम मोदी और ड्रैगी ने शुक्रवार को इटली में आयोजित जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात की। एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि, दोनों नेताओं ने 6 नवंबर 2020 को भारत और इटली (2020 -2024) के बीच एक बढ़ी हुई साझेदारी के लिए कार्य योजना को अपनाने के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति को माना है।












Click it and Unblock the Notifications