VIDEO: त्रिपुरा विधानसभा में स्पीकर का माइक छीनकर भागे विधायक जी
विधानसभा में हुए हंगामे के बीच टीएमसी के एक विधायक विधानसभा स्पीकर का माइक ही लेकर भाग गए। बाद में वहां मौजूद स्टॉफ ने उन्हें जैसे-तैसा दौड़ाकर पकड़ा और माइक वापस लिया।
नई दिल्ली। संसद और विधानसभा में हंगामे की खबरें आम हैं। लेकिन त्रिपुरा विधानसभा में जो हुआ वो बिल्कुल अलग था। जी हां यहां विधानसभा में हुए हंगामे के बीच टीएमसी के एक विधायक विधानसभा स्पीकर का माइक ही लेकर भाग गए। बाद में वहां मौजूद स्टॉफ ने उन्हें जैसे-तैसा दौड़ाकर पकड़ा और माइक वापस लिया। जानकारी के मुताबिक टीएमसी विधायक का नाम सुदीप रॉय बर्मन है।

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक सोमवार को विधानसभा में राज्य के वनमंत्री नरेश जमातिया पर उनकी पार्टी से निकाले गए नेता द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों पर बहस हो रही थी। इसी मुद्दे को बर्मन ने शून्य काल के दौरान उठाया। उन्होंने स्थानीय अखबार में छपी खबर का हवाला भी दिया। लेकिन इस पूरे आरोप को जमातिया ने सिरे से खारिज कर दिया।
विधानसभा स्पीकर रामेंद्र देबनाथ ने मामले में और बहस से इन्कार कर दिया और सदन की सुचारू कार्यवाही शुरू करने के लिए कहा। इससे नाराज बर्मन अचानक आसंदी पर चढ़े और स्पीकर का माइक छीनकर बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। उन्हें भागते देख सदन में मौजूद स्टाफ ने उन्हें पकड़ा और माइक वापस लिया।












Click it and Unblock the Notifications