Jyotiraditya Scindia: गुना में सिंधिया का बड़ा ऐलान, 72 PM आवास पूरे, 2.18 करोड़ का बिजली उपकेंद्र शुरू
Jyotiraditya Scindia: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना जिले की बमोरी विधानसभा के कोंटार गांव में पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने लाभार्थी परिवारों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव का जायजा लिया। कोंटार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 72 पक्के घरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे आदिवासी परिवारों को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल रही है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कोंटार-श्यामपुर क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भी उद्घाटन किया। करीब 2.18 करोड़ रुपये की लागत से बने इस उपकेंद्र से आसपास के 16 गांवों के लगभग 12 हजार नागरिकों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी।
पत्नी की बात याद कर भावुक हुए सिंधिया
कोंटार गांव में आदिवासी परिवारों से मुलाकात के दौरान सिंधिया ने एक भावनात्मक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी पत्नी इस क्षेत्र में आई थीं और सहरिया समाज की बस्ती में जाकर लोगों से मुलाकात की थी। उस समय आदिवासी परिवारों ने उनसे पक्के घर की मांग की थी।
सिंधिया ने कहा कि उनकी पत्नी ने उनसे साफ शब्दों में कहा था कि "जब तक कोंटार के आदिवासी भाई-बहनों के घर बनकर तैयार नहीं हो जाते, तब तक इस क्षेत्र पर विशेष ध्यान देना है।" उन्होंने कहा कि उसी संकल्प के साथ आज वे यहां आए हैं और यह देखकर खुशी हो रही है कि कई परिवारों को अब पक्के घर मिल चुके हैं।
लाभार्थी के घर जन्मी बेटी पर दी बधाई
दौरे के दौरान सिंधिया प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी मनोज के घर भी पहुंचे। वहां मनोज अकेले खड़े थे। जब सिंधिया ने उनकी पत्नी के बारे में पूछा तो मनोज ने बताया कि आज ही उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया है।
यह सुनकर केंद्रीय मंत्री ने मनोज को गले लगाते हुए कहा कि "आपके घर लक्ष्मी आई है।" उन्होंने मनोज से बेटी का नाम पूछा तो मनोज ने बताया कि अभी नाम तय नहीं किया है। इस पर सिंधिया ने मुस्कुराते हुए सुझाव दिया कि बेटी का नाम लक्ष्मी रखा जाए। इस आत्मीय संवाद ने वहां मौजूद ग्रामीणों का दिल जीत लिया और माहौल भावुक हो गया।
16 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली
कोंटार-श्यामपुर में बने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के उद्घाटन के दौरान सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि 5 एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र से 16 गांवों के लगभग 12 हजार लोगों को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध बिजली मिलेगी। इससे किसानों को सिंचाई में सुविधा होगी, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और छोटे व्यवसायों को भी फायदा होगा।
आदिवासी परिवारों के जीवन स्तर में आएगा सुधार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य गरीब और आदिवासी परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोंटार और आसपास के क्षेत्रों में आवास, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों का जीवन सुरक्षित और सम्मानजनक बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।
ग्रामीणों ने जताया आभार
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना और बिजली परियोजना के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। कई लाभार्थियों ने कहा कि पक्का घर मिलने से उनके परिवार को सुरक्षा और सम्मान मिला है।












Click it and Unblock the Notifications