पंजाब में जल्द प्रचार करते नजर आएंगे मोदी और अमित शाह, सुखदेव सिंह ढींढसा ने मुलाकात के बाद दी जानकारी
नई दिल्ली, जनवरी 31। पंजाब में चुनावी माहौल के बीच सोमवार को शिरोमणी अकाली दल (संयुक्त) के प्रमुख सुखदेव सिंह ढींढसा ने पीएम मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद सियासी गलियारों में तमाम तरह की अटकलें लगना शुरू हो गईं। हालांकि सुखदेव सिंह ढींढसा ने मुलाकात के बाद मीडिया को बताया कि हमने सिर्फ पंजाब के कुछ मुद्दों को लेकर पीएम से मुलाकात की है। आपको बता दें कि सुखदेव सिंह ढींढसा ने पीएम मोदी के बाद अमित शाह से भी मुलाकात की।

पीएम ने कहा कि वो पंजाब जरूर आएंगे- ढींढसा
सुखदेव सिंह ढींढसा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पंजाब के कुछ प्रमुख मुद्दों को लेकर मेरी पीएम मोदी से मुलाकात हुई है। मुलाकात के दौरान पीएम ने कहा कि उन्होंने सिख समुदाय के लिए बहुत कुछ किया है और हाल के भविष्य में और भी करेंगे। पीएम ने कहा कि वह पंजाब जरूर आएंगे।
अमित शाह से भी मिले ढींढसा
सुखदेव सिंह ढींढसा ने आगे कहा कि उनकी गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हुई है, अमित शाह ने मुलाकात के दौरान कहा कि वो पंजाब आएंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति 2 सीटों से चुनाव उस वक्त ही लड़ता है, जब उसे हारने का डर होता है। आपको बता दें कि सीएम चन्नी ने चमकौर साहिब और भदौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
ढींढसा और कैप्टन की पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही BJP
बता दें कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा के नेतृत्व वाली शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। तीनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर भी बात बन गई है। बीजेपी 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और शिरोमणी अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications