Budget 2023: नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी क्या है ? वित्त मंत्री ने बच्चों और किशोरों के लिए खोलने का ऐलान किया है
Budget 2023: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बच्चों और किशोरों के लिए भी नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी खोलने का ऐलान किया है। इसके माध्यम से सिंगल विंडो के जरिए सभी शिक्षण सामग्री मिल जाती है।

Budget 2023: केंद्र सरकार ने आम बजट में शिक्षा के क्षेत्र में काफी जोर देने का ऐलान किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसके तहत टीचर्स ट्रेनिंग और बच्चों और किशोरों के लिए नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की है। यह घोषणा इसलिए की गई है, ताकि महामारी के दौरान बच्चों की पढ़ाई का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जा सके। इनके अलावा सरकार ने आदिवासियों की शिक्षा को भी खास महत्त्व देने का ऐलान किया है। वित्त वर्ष 2023-24 में के वास्ते 15 हजार करोड़ रुपए के आवंटन का ऐलान किया गया है।
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी क्या है ?
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी शिक्षा मंत्रालय की ओर से स्थापित किया गया है। इसमें प्राइमरी के बच्चों से लेकर पोस्ट-ग्रेजुएट स्तर तक के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है। इसमें साइंस और टेक्नोलॉजी, आर्ट्स, सोशल साइंस, मेडिकल साइंस से लेकर कानून से संबंधित विभिन्न रेफ्रेंस सामग्रियां भी उपलब्ध हैं। इसमें सामग्री किताबों के रूप में उपलब्ध हैं या ऑडियो/वीडियो के रूप में भी उपलब्ध है। पाठ्य सामग्री नोट्स, प्रश्न और उत्तर की भी पूरी व्यवस्था की जाती है।
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य सिंगल विंडो के जरिए शिक्षार्थियों को सीखने के तमाम संसाधनों को एक जगह उपलब्ध कराना है। नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया (NDLI),नेशनल मिशन ऑन एजुकेशन थ्रू इंफॉर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी (NMEICT) द्वारा प्रायोजित किया गया है, जिसके फंड का प्रबंध शिक्षा मंत्रालय की ओर से किया जाता है।
नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की विशेषता क्या है ?
एक क्लिक में बड़ी मात्रा में मूल और मौलिक शिक्षण सामग्री मिल जाती है। सबसे बड़ी बात ये है कि इसमें अधिकांश भारतीय भाषाओं की पाठ्य सामग्री की बहुत ही विस्तृत रेंज की सहायता ली जा सकती है। कई भारतीय शैक्षणिक और शोध संस्थाओं के डिजिटिल रेफ्रेंस को भी नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी से प्राप्त किया जा सकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी लाभकर
आईआईटी जी-एनईईटी,एनईटी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्रियां भी यहां से प्राप्त की जा सकती हैं। साथ ही साथ स्टार्टअप से जुड़े सवालों का भी यहां पर हल मिल सकता है।
आईआईटी खड़गपुर ने स्थापित किया
आईआईटी खड़गपुर ने छात्रों के लिए नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित किया है, जिसमें 1.7 करोड़ सामग्री उपलब्ध करवाने का दावा किया गया है। इसके जरिए भारत की 10 सबसे ज्यादा प्रचलित भाषाओं में पठन सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है।












Click it and Unblock the Notifications