गुजरात की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, अब तक 2 मजदूरों की मौत
नई दिल्ली, 16 दिसबंर: गुजरात के रंजीतनगर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां गुजरात फ्लोरो केमिकल्स लिमिटेड में भीषण आग लग गई। घटना के बाद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बड़ी संख्या में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लोगों को निकालने में जुटे हैं। इस घटना में अभी तक दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे। जिनको नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पंचमहल जिले के गोघंबा में गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल) की फैक्ट्री मौजूद है। जिसके अंदर गुरुवार को विस्फोट हुआ, इसके बाद भीषण आग लग गई। इस घटना में अभी तक दो मजदूरों की मौत हुई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रंजीतनगर स्थित रेफ्रिजरेंट निर्माण संयंत्र की एमपीआई-1 इकाई के अंदर विस्फोट सुबह 10 बजे के करीब हुआ था। जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। रेस्क्यू टीमों ने घायलों को वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया है। साथ ही ये पता लगाने की कोशिश की जा रही कि कहीं कोई अंदर फंसा तो नहीं।
अधिकारी ने आगे कहा कि हलोल, कलोल और गोधरा में निजी कंपनियों सहित जिले भर से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा घटनास्थल तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है, ताकि लोगों की भीड़ वहां पर ना इकट्ठा हो पाए। हालांकि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि ये हादसा क्यों हुआ। वहीं दूसरी ओर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक कंपनी वहां पर फ्लोरोस्पेशलिटीज और रेफ्रिजरेंट बनाती है। जिस संयंत्र में विस्फोट हुआ, वो भारत में जीएफएल का अकेला सबसे बड़ा रेफ्रिजरेंट संयंत्र था।












Click it and Unblock the Notifications