फुटबॉल के मैदान से सीधे बगावत, होटल से भागीं 5 ईरानी खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया में मांगी शरण
5 Iranian Footballers Seek Asylum in Australia: ऑस्ट्रेलिया में चल रहे महिला एशियन कप के दौरान ईरान की महिला फुटबॉल टीम की पांच खिलाड़ियों ने अपने देश वापस लौटने से इनकार कर दिया है और वहां की सरकार से शरण मांगी है। इन खिलाड़ियों ने यह बड़ा कदम तब उठाया जब उन्हें अपने ही देश में गद्दार करार दे दिया गया।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब 2 मार्च को दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच से पहले इन खिलाड़ियों ने ईरान का राष्ट्रगान गाने से मना कर दिया। यह एक तरह का मूक विरोध था, जो अक्सर ईरान में चल रहे मानवाधिकार आंदोलनों के समर्थन में देखा जाता रहा है। लेकिन इस एक कदम ने उन्हें ईरानी अधिकारियों की नजरों में अपराधी बना दिया।

जैसे ही टूर्नामेंट से ईरानी टीम बाहर हुई, ये पांचों खिलाड़ी गोल्ड कोस्ट के होटल से चुपचाप निकल गईं ताकि उन्हें जबरन वापस न भेजा जा सके।
कौन हैं ये महिला फुटबॉल खिलाड़ी?
जिन खिलाड़ियों ने यह कदम उठाया है, उनमें फातेमे पसंदीदेह, ज़हरा घनबारी, ज़हरा सरबाली, अतेफ़े रमज़ाज़ादे और मोना हमौदी के नाम सामने आए हैं। फिलहाल ये सभी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों की सुरक्षा में हैं और वहां का गृह विभाग उनके शरण के आवेदन पर विचार कर रहा है।
फीफा ने दिया रिएक्शन
इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। फुटबॉल की सबसे बड़ी संस्था फीफा भी अब इसमें शामिल हो गई है। फीफा का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता इन महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा है और वे लगातार ऑस्ट्रेलियाई सरकार के संपर्क में हैं। इन खिलाड़ियों को डर है कि अगर वे वापस गईं तो उन्हें गंभीर प्रताड़ना या जेल का सामना करना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications