Bengaluru के होटल और रेस्टोरेंट आज से रहेंगे बंद! अचानक क्यों संकट में आई Hotel Industry?
Bengaluru hotels shutdown: ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब बेंगलुरु में दिखने लगा है। बेंगलुरु के होटल और रेस्टोरेंट इन दिनों गंभीर एलपीजी संकट से जूझ रहे हैं। 9 मार्च को बेंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने कहा कि कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई अचानक रुकने से 10 मार्च से बेंगलुरु के होटल अपनी सेवाएं बंद कर सकते हैं।
बेंगलुरु होटल एसोसिएशन (बीएचए) ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आपूर्ति रुकने से इसका असर उन हजारों लोगों पर पड़ेगा जो हर दिन खाना खाने के लिए होटलों और छोटे भोजनालयों पर निर्भर रहते हैं-जैसे छात्र, वरिष्ठ नागरिक और मेडिकल प्रोफेशनल्स।

पहले दिया था 70 दिन सप्लाई का भरोसा
एसोसिएशन का कहना है कि तेल कंपनियों ने पहले भरोसा दिलाया था कि करीब 70 दिनों तक एलपीजी सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आएगी। लेकिन अचानक सप्लाई रुकने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है। होटल मालिकों के मुताबिक यह फैसला उनके लिए बड़ा झटका है, क्योंकि किचन गैस के बिना चल ही नहीं सकते।
केंद्र सरकार से दखल की मांग
होटल व्यवसायियों ने केंद्रीय मंत्रियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बहाल नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं, क्योंकि गैस के बिना रेस्टोरेंट और होटल किचन चलाना संभव नहीं है।
ज़मीन पर अलग हालात, NRAI ने भी जताई चिंता
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर चिंता जताई। एसोसिएशन ने कहा कि सरकार की तरफ से भले ही कमर्शियल एलपीजी पर किसी तरह की रोक से इनकार किया गया हो, लेकिन ग्राउंड पर सप्लायर्स गैस देने में असमर्थता जता रहे हैं। इससे रेस्टोरेंट इंडस्ट्री और आम लोगों के लिए भोजन की उपलब्धता दोनों प्रभावित हो रही हैं।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर ऊर्जा बाजार पर
जानकारों का मानना है कि यह संकट वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता से जुड़ा हुआ है। ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमले के बाद मध्य-पूर्व में सैन्य तनाव बढ़ गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय ईंधन आपूर्ति श्रृंखलाओं पर दबाव पड़ा है और एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता, बढ़ी कीमत
इधर सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं ताकि घरों में गैस की सप्लाई प्रभावित न हो। इसी बीच 7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में ₹60 की बढ़ोतरी भी की गई, जो पिछले साल अप्रैल में ₹50 बढ़ने के बाद एक साल से कम समय में दूसरी वृद्धि है।
जमाखोरी रोकने के लिए नई पाबंदी
सरकार ने एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग के नियम भी सख्त कर दिए हैं। अब नए सिलेंडर की बुकिंग के लिए न्यूनतम इंतजार अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ जगहों पर लोग सामान्य 55 दिन की जगह 15 दिन में बार-बार सिलेंडर ऑर्डर कर रहे थे, जिससे जमाखोरी की आशंका बढ़ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications