'बिहार के पास अपना जेट प्लेन या हेलीकॉप्टर नहीं है, बीजेपी को क्यों है आपत्ति'? बोले डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है जिसके पास अपना (जेट) प्लेन या हेलीकॉप्टर नहीं है। पहले राज्य सरकार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेन या हेलीकॉप्टर लीज पर थे।

बिहार में हेलिकॉप्टर और जेट विमान खरीदने को लेकर राजनीति गरमा गई है। साथ ही इसको लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने इसको लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है जिसके पास अपना (जेट) प्लेन या हेलीकॉप्टर नहीं है। पहले राज्य सरकार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेन या हेलीकॉप्टर लीज पर थे। बीजेपी को इससे आपत्ति क्यों है।
सुशील मोदी ने कहा कि 250 करोड़ का 12 सीटर जेट प्लेन और 100 करोड़ का 10 सीटर हेलीकाप्टर खरीदने का नीतीश सरकार का फैसला बिहार जैसे गरीब राज्य की जनता के पैसे का खुला दुरुपयोग है। इसका जनता की सेवा से कोई लेना-देना नहीं है। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार विपक्षी एकता के लिए देश भर में दौरा करने और प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा करने के लिए बिहार के खजाने पर 350 करोड़ से अधिक का बोझ डालने जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार किराए के जहाज से काम चला रही थी। उसकी लीज खत्म हो रही है। नई लीज में बहुत पैसा लगेगा। किराए के तौर पर सरकार का इस मद में बहुत पैसा खर्च होता है। खरीदे जाने के बाद यह बचेगा। उन्होंने कहा कि किराए में जाने वाला पैसा बचेगा यह तो बेहतर है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बीजेपी और सुशील कुमार मोदी को जवाब देते हुए कहा कि हमको तो आश्चर्य लगता है कि कोई कुछ बोलता है। जरा पूछ लीजिएगा कि यह लोग पहले क्या बोलते थे? सुशील मोदी पहले बोलते थे कि नया विमान खरीदना चाहिए। नीतीश कुमार ने कहा कि यह सबके हित में है।
यह भी पढ़ें- 'भारत जोड़ो यात्रा' से अखिलेश यादव ने बनाई दूरी, कहा- बीजेपी-कांग्रेस एक जैसे












Click it and Unblock the Notifications