वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रेन से घर पहुंचा भारतीय क्रिकेटर, टिकट चेक में लगभग पकड़ा गया, बीवी ने झूठ बोल बचाया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जब शिवम दुबे बल्लेबाजी कर रहे थे, तो पूरा अहमदाबाद 'दुबे-दुबे' के नारों से गूंज रहा था। उन्होंने आखिरी ओवर में छक्कों की बरसात कर भारत को 250 के पार पहुंचाया और टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाया। लेकिन मैच खत्म होने के बाद इस खिलाड़ी ने जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया है।
अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स बुक थीं और सड़क के रास्ते जाने में काफी वक्त लग रहा था। ऐसे में दुबे ने किसी प्राइवेट जेट या लग्जरी कार का इंतजार नहीं किया, बल्कि अपनी पत्नी और दोस्त के साथ 'सयाजी एक्सप्रेस' के थर्ड AC कोच का टिकट कटा लिया।

भीड़ से बचने के लिए उन्होंने मास्क और कैप लगाई और ट्रेन चलने से ठीक 5 मिनट पहले कोच में दाखिल हुए। दुबे सीधे अपनी अपर बर्थ (ऊपर वाली सीट) पर जाकर लेट गए ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। रास्ते में टीसी भी आया, बगल वाली बर्थ पर यात्री भी थे, लेकिन किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई कि उनके ठीक ऊपर देश का वर्ल्ड चैंपियन सो रहा है। दुबे ने बताया कि वह अपने बच्चों से मिलने के लिए इतने बेताब थे कि उन्हें बस जल्द से जल्द घर पहुंचना था।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार शिवम दुबे ने बताया कि टीसी ने जब टिकट चेक किया, तो कहा कि कौन शिवम दुबे, वो क्रिकेटर? उनकी पत्नी अंजुम ने मामला संभालते हुए कहा नहीं वो कहां से आएगा। इसके बाद मामला खत्म हो गया।
रात को दुबे जब टॉयलेट करने के लिए सीट से नीचे आए, तब भी किसी ने पहचाना नहीं। इसके बाद दुबे को डर यह था कि कहीं सुबह उनको बोरीवली स्टेशन पर लोग पहचान लेंगे। इससे बचने के लिए अंत में उन्होंने पुलिस को बताया। एक बार तो पुलिस वालों को लगा कि दुबे एयरपोर्ट से आने वाले हैं, मगर जब ट्रेन से आने की खबर पता चली, तो हैरान रह गए। हालांकि पुलिस ने उनको एस्कॉर्ट किया और स्टेशन से घर तक जाने में पूरी मदद की।












Click it and Unblock the Notifications