Bihar News: ‘बिहार और सूफ़ीवाद’, सूफ़ी परंपरा की रूहानी विरासत को समर्पित एक दस्तावेज़- सय्यद अमजद हुसैन
Bihar Aur Soofiwad Book Review: बिहार के युवा लेखक ने ऐतिहासिक और रूहानी विरासत को समर्पित एक किताब 'बिहार और सूफ़ीवाद' लिखी है। वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए लेखक सैयद अमजद हुसैन ने बताया कि इसकी ज़रूरत क्यों पड़ी और किताब में क्या है?
लेखक अमद ने कहा कि यह सिर्फ़ एक शोध ग्रंथ नहीं, बल्कि सूफ़ी परंपरा की उस मिट्टी को श्रद्धांजलि है, जहां मुहब्बत, सौहार्द और आध्यात्मिकता सदियों से सांस लेती रही है। इस किताब के माध्यम से बिहार की उस सूफ़ी परंपरा को सामने लाने की ईमानदार और गंभीर कोशिश की है, जिसे अक्सर मुख्यधारा के इतिहास लेखन में वह स्थान नहीं मिला जिसका वह हक़दार थी।

राजमंगल प्रकाशन से 27 अप्रैल 2025 को प्रकाशित यह पुस्तक विषय की दृष्टि से जितनी व्यापक है, भाषा और प्रस्तुति में उतनी ही सादगीपूर्ण। इसमें जटिल ऐतिहासिक संदर्भों को बेहद सहजता से प्रस्तुत किया गया है, जिससे यह न केवल शोधार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, बल्कि आम पाठकों की भी जानकारी बढ़ेगी।
पुस्तक की शुरुआत 'इस्लाम और सूफ़ीवाद' की पृष्ठभूमि से होती है। इसमें बताया गया है कि कैसे सूफ़ी संतों ने भारतीय समाज में प्रेम, करुणा और इंसानियत की भावना का प्रसार किया। लेखक ने यह स्पष्ट किया कि सूफ़ीवाद केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आंतरिक शांति की राह है।
इसके बाद किताब में विभिन्न सूफ़ी सिलसिलों-चिश्ती, कादरी, सुहरवर्दी, नक्शबंदी, वारसी और हुसामी एवं अन्य सिलसिला का वर्णन मिलता है। लेखक ने न केवल इनके उद्भव और प्रसार का विवरण दिया है, बल्कि इनके बीच के विचारात्मक अंतरों और सामंजस्य को भी रेखांकित किया गया है।
पुस्तक का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, 'सूफ़ी संत', जिसमें बीस प्रमुख सूफ़ी संतों की गहराई से प्रामाणिक जीवन-यात्रा प्रस्तुत की गई है। इनमें हज़रत मख़दूम शरफुद्दीन यहया मनेरी, हज़रत इमाम मुहम्मद ताज फक़ीह, हज़रत मख़दूम ज़किउद्दीन मनेरी, हज़रत सैयद अहमद जाजनेरी जैसे प्रसिद्ध संतों के साथ-साथ कुछ कम प्रसिद्ध लेकिन प्रभावशाली हस्तियों को भी जगह दी गई है।
पुस्तक का चौथा भाग 'मनक़बत' विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसमें सूफ़ी संतों की शान में लिखी गई उर्दू भाषा की कविताएं शामिल हैं। इनमें लेखक की खुद की रचनाएं हैं, साथ ही समकालीन शायरों जैसे वासिफ़ आलम मुअज़्ज़मी और तारिक़ मोहीउद्दीन शर्मीला की शायरी को भी जगह दी गई हैं। यह हिस्सा किताब को साहित्यिक गहराई देता है और सूफ़ीवाद के भावनात्मक पक्ष को उजागर करता है।
किताब के अंत में लेखक ने अपने संकलन के स्रोतों की सूची दी है, जिनमें फारसी, उर्दू, अरबी, हिंदी और अंग्रेज़ी के ग्रंथ शामिल हैं। इसके अलावा, पुस्तक में बिहार के प्रमुख ख़ानक़ाहों और दरगाहों की तस्वीरें भी दी गई हैं, जो इतिहास को दृश्य रूप में महसूस करने में मदद करती हैं।
'समीक्षा एवं विचार' भाग में देश के विभिन्न इतिहासकारों, धार्मिक विद्वानों और साहित्यकारों की प्रतिक्रियाएं शामिल हैं, जिनमें मौलाना ग़ुलाम रसूल बल्यावी, डॉ. शुजात अली क़ादरी, डॉ. शाहीद रज़ा खान और अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों की टिप्पणियां शामिल हैं।
'बिहार और सूफ़ीवाद' का सबसे बड़ा योगदान यही है कि यह हमें याद दिलाती है कि सूफ़ी संतों का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना वह कभी मध्यकालीन भारत में था-एक समय जब समाज को जोड़ने वाली ताक़तों की सबसे अधिक ज़रूरत थी। आज जब सामाजिक तानाबाना फिर से बिखरता नज़र आता है, यह किताब एक पुल की तरह काम करती है-इतिहास और वर्तमान के बीच, धर्म और इंसानियत के बीच।
कुल मिलाकर, यह किताब केवल एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि एक रूहानी सफ़रनामा है-ऐसा सफ़र जिसमें बिहार की मिट्टी से उठी सूफ़ी परंपरा की ख़ुशबू आज भी ताज़ा महसूस होती है। यह पुस्तक न केवल शोधार्थियों और इतिहास प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि हर उस पाठक के लिए ज़रूरी है, जो भारत की साझी सांस्कृतिक विरासत को समझना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications