'कानून के रक्षक बन गए TMC सरकार के पिछलग्गू', खालिस्तानी विवाद पर बीजेपी ने बंगाल पुलिस को दिया जवाब
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में संदेशखाली की घटना को लेकर बीजेपी और सत्तारूढ़ पार्टी आमने-सामने है। इस बीच पुलिस के लिए खालिस्तानी शब्द का इस्तेमाल करने पर स्थिति गरमा गई है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि यह भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ही थे, जिन्होंने हिंसा प्रभावित संदेशखाली के पास भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के दौरान एक सिख पुलिस अधिकारी के खिलाफ 'खालिस्तानी' शब्द का इस्तेमाल किया था।
बंगाल पुलिस ने जोर देकर कहा कि वह कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था के संरक्षकों ने खुद को "सत्तारूढ़ टीएमसी के पिछलग्गू" बनकर रह गया है।पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्विटर (एक्स) पर कहा कि हम पुलिस बिरादरी इस वीडियो को साझा करने से नाराज हैं, जहां हमारे अपने अधिकारियों में से एक को राज्य के विपक्ष के नेता द्वारा 'खालिस्तानी' कहा गया था।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उनकी गलती बस यही है कि वह एक गौरवान्वित सिख हैं और एक सक्षम पुलिस अधिकारी भी हैं, जो कानून लागू करने की कोशिश कर रहे थे। यह टिप्पणी जितनी दुर्भावनापूर्ण और नस्लीय है, उतनी ही सांप्रदायिक रूप से उकसाने वाली भी है।
पुलिस और बाद में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भी एक कथित वीडियो साझा किया, जिसमें सुवेंदु अधिकारी अन्य भाजपा सदस्यों के बीच में खड़े हैं और फिर अचानक 'एटा होछे खालिस्तानी' (वह एक खालिस्तानी हैं) सुनाई देता है। हालांकि, वीडियो में यह पता नहीं चल सका है कि सुवेंदु अधिकारी ने विवादित शब्द कहा है या नहीं।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने भी अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि एटा होछे खालिस्तानी' - वह खालिस्तानी है... क्या आप बीजेपी के गंदे मुंह और दिमाग को सुन सकते हैं? पश्चिम बंगाल पुलिस के आरोपों का जवाब देते हुए, भाजपा ने सिख आईपीएस अधिकारी पर कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: संदेशखाली मार्च के दौरान पुलिस पर 'खालिस्तानी' तंज का वीडियो वायरल! ममता ने BJP को घेरा












Click it and Unblock the Notifications