क्या है बेन स्टोक्स का नाइट क्लब विवाद? करियर खत्म होने का खतरा, मुश्किल में इंग्लैंड के कप्तान
Ben Stokes: इंग्लैंड क्रिकेट इस समय एक बड़े विवाद के केंद्र में है। टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का नाम एक नाइट क्लब घटना से जुड़ने के बाद सुर्खियों में है। मामला इतना बढ़ गया है कि अब इंग्लैंड एंड वेल्स को जांच शुरू करनी पड़ी है और क्रिकेट जगत में स्टोक्स की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है, लेकिन इस विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट में हलचल जरूर मचा दी है। इंग्लैंड ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड को पहले टेस्ट में हराया था। जीत के बाद कप्तान बेन स्टोक्स, तेज गेंदबाज गस एटकिंस और कुछ रग्बी खिलाड़ी लंदन के चेल्सी इलाके में स्थित एक नाइट क्लब पहुंचे। रिपोर्ट्स के अनुसार ECB द्वारा लागू किए गए आधी रात की पाबंदी के बावजूद खिलाड़ी देर रात तक क्लब में मौजूद रहे।

मारपीट की नौबत आई
इसके बाद क्लब के VIP एरिया में विवाद हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक रग्बी खिलाड़ी ने कथित तौर पर एटकिंसन को निशाना बनाकर मुक्का चलाया, लेकिन वह ECB के एक सुरक्षा अधिकारी को जा लगा। हालांकि अब तक किसी रिपोर्ट में स्टोक्स या एटकिंसन को झगड़े की शुरुआत करने वाला नहीं बताया गया है।
ECB अभी क्या कर रहा है?
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर "टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन" की जांच शुरू कर दी है। बोर्ड ने कहा है कि वह घटना की पूरी जानकारी जुटा रहा है और क्रिकेट रेगुलेटर को भी सूचित कर दिया गया है। दूसरे टेस्ट के लिए टीम चयन और खिलाड़ियों की उपलब्धता पर फैसला जांच के बाद लिया जाएगा। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि स्टोक्स और एटकिंसन दूसरे टेस्ट से बाहर भी हो सकते हैं, हालांकि ECB ने अभी तक कोई अंतिम फैसला घोषित नहीं किया है।
क्या कप्तानी पर खतरा है?
फिलहाल इसका जवाब हां है, खतरा है लेकिन फैसला नहीं हुआ है। ब्रिटिश मीडिया की कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि स्टोक्स अपनी कप्तानी के भविष्य पर विचार कर रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां तक दावा किया गया है कि वह कप्तानी छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।
इसके पीछे सिर्फ यह घटना नहीं है। पिछले एक साल में इंग्लैंड टीम की "ड्रिंकिंग कल्चर" को लेकर कई विवाद सामने आए थे, जिसके बाद ECB ने कर्फ्यू जैसे नियम लागू किए थे। ऐसे में अगर कप्तान ही नियम तोड़ते पाए जाते हैं तो मामला और गंभीर माना जा रहा है।
क्या करियर पर भी खतरा है?
अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं है कि स्टोक्स का अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म होने वाला है। न तो पुलिस केस दर्ज हुआ है और न ही उन पर किसी शारीरिक हमले का आरोप है। जांच मुख्य रूप से टीम नियमों के उल्लंघन पर केंद्रित है। हालांकि अगर ECB कड़ा रुख अपनाता है तो उन्हें निलंबन, जुर्माना या कप्तानी से हटाए जाने जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। करियर समाप्त होने की बातें फिलहाल केवल अटकलें हैं, कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications