उत्तराखंड के मदरसों में शुरू होंगी स्मार्ट क्लासेज, पहले कुरान पढ़ेंगे फिर लैपटॉप और टेबलेट से होगी पढ़ाई
उत्तराखंड के मदरसों में अब स्मार्ट क्लासेज शुरू होंगी
देहरादून, 15 सितंबर। उत्तराखंड के मदरसों में अब स्मार्ट क्लासेज शुरू होंगी। मदरसों में पहले सुबह बच्चे कुरान पढ़ेंगे। फिर इसके बाद सुबह नौ बजे से स्मार्ट क्लास संचालित होंगी। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की बैठक में इस पर निर्णय लिया गया है।

प्रदेश में 103 मदरसे हैं, स्मार्ट स्कूल की तर्ज पर संचालित किया जाएगा
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चैयरमेन शादाम शम्स ने बताया कि बोर्ड के तहत प्रदेश में 103 मदरसे हैं। जिन्हें स्मार्ट स्कूल की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। बच्चों को लैपटॉप और टैबलेट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मदरसों से पढ़े बच्चों को इंजीनियर और डॉक्टरी में जाने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए तैयार किया जाएगा। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की बैठक में पिरान कलियर क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखने का निर्णय लिया गया है। जिससे वहां पर गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। कहा गया कि दरगाह क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि दरगाह के भीतर कोई व्यक्ति नशा करके न जाए इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।
सभी 145 संपंतियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की जिन संपत्तियों पर अतिक्रमण है। उन सभी 145 संपंतियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित को नोटिस जारी किया गया है। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चैयरमेन शादाब शम्स ने कुर्सी संभालते ही सबसे पहले पिरान कलियर क्षेत्र में गंदगी साफ करने की बात की थी। शम्स का कहना था कि इस क्षेत्र में कई आपत्ति जनक काम हो रहे हैं। जिसमें देह व्यापार से लेकर नशे का धंधा शामिल हैं। शम्स के इस बयान पर विपक्ष ने जमकर आपत्ति दर्ज कराई। जिसके बाद शम्स ने अपने बयान को सही करते हुए पूरे क्षेत्र में इस तरह की शिकायतें आने की बात की थी। जिसको लेकर बोर्ड बैठक में इस पर निर्णय लिया गया कि पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। जिससे इस पर निगरानी हो सके। इसके साथ ही उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की ऐसी संपत्तियां जिन पर कब्जे हैं, उन पर पहले अवैध कब्जे हटाने और जो नहीं हटेंगे उन्हें बुलडोजर से हटाने की बात की गई है। जिस पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड चैयरमेन अब अमलीजामा पहनाने में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications