Delhi Metro Pink Line: दिल्ली मेट्रो पिंक लाइन के Soorghat स्टेशन पर ‘No Entry NO Exit’ का नियम, क्या है मामला
Delhi Metro Pink Line: दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन को राजधानी की पहली पूरी "रिंग मेट्रो लाइन" माना जा रहा है, लेकिन इसी लाइन पर एक ऐसा स्टेशन भी है जिसे देखकर यात्री हैरान हो रहे हैं। यहां ट्रेनें रोज गुजरती हैं, अनाउंसमेंट भी होता है, लेकिन मेट्रो रुकती नहीं। वजह सुनकर लोग और भी चौंक जाते हैं। दरअसल इस स्टेशन पर फिलहाल न तो यात्रियों के प्रवेश का रास्ता है और न ही बाहर निकलने का यानी No Entry NO exit'
उत्तर दिल्ली के वजीराबाद इलाके के पास बना सूरघाट मेट्रो स्टेशन अभी यात्रियों के लिए बंद है। यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर पर स्थित है। दिलचस्प बात यह है कि स्टेशन का ढांचा पूरी तरह तैयार दिखाई देता है, लेकिन ट्रेनें यहां रुकती नहीं हैं। मेट्रो के अंदर यात्रियों को पहले ही अनाउंसमेंट कर दिया जाता है कि अगला स्टेशन सूरघाट है, जहां ट्रेन नहीं रुकेगी। अब सवाल है आखिर ऐसा होता क्यों है?

'नो एंट्री-नो एग्जिट' की वजह क्या है? (Why No Entry or Exit at Soorghat Station)
हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अधिकारियों ने कहा इस स्टेशन को फिलहाल इसलिए नहीं खोला गया है क्योंकि यहां एंट्री और एग्जिट का रास्ता अभी तैयार नहीं हुआ है।
DMRC के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने बताया कि इस स्टेशन का प्रवेश और निकास PWD द्वारा बनाए जाने वाले एक सबवे के जरिए तय किया गया है। जब तक वह सबवे तैयार नहीं हो जाता, तब तक स्टेशन यात्रियों के लिए खोला नहीं जा सकता।
PWD फ्लाईओवर और सबवे से जुड़ा है पूरा प्रोजेक्ट (PWD Flyover and Subway Integration)
- अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट में मेट्रो ढांचे को दो स्तरों पर PWD के निर्माण से जोड़ा जाना था। पहला हिस्सा जमीन के ऊपर बने फ्लाईओवर से जुड़ा है, जो एक दिशा के ट्रैफिक के लिए बनाया गया है। दूसरा हिस्सा जमीन के नीचे बनने वाले सबवे से जुड़ा है, जहां दूसरी दिशा से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता होगा।
- फ्लाईओवर का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि सबवे का काम अभी जारी है। यह सबवे बनने के बाद ही सूरघाट स्टेशन पूरी तरह चालू हो सकेगा।
- DMRC के मुताबिक अब सबवे के निर्माण का काम मेट्रो ही कर रही है। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक सूरघाट स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। तब तक मेट्रो ट्रेनें यहां से बिना रुके गुजरती रहेंगी।
दिल्ली की पहली 'रिंग मेट्रो लाइन' बनी पिंक लाइन (Delhi's First Ring Metro Line)
- 8 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इनमें 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर (पिंक लाइन एक्सटेंशन) और 9.9 किलोमीटर का दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर (मैजेंटा लाइन एक्सटेंशन) शामिल हैं।
- इन नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में DMRC का कुल मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर से ज्यादा हो गया है।
- पिंक लाइन के पूरा होने के साथ ही यह अब एक पूरा रिंग या लूप बन गई है, जिससे यात्री मेट्रो के जरिए लगभग पूरे दिल्ली का चक्कर लगा सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे शहर की रिंग रोड पर गाड़ियां घूमती हैं।
यात्रियों को पहले से मिल जाती है सूचना (Metro Announcement for Passengers)
जब मेट्रो ट्रेन नानकसर सोनिया विहार स्टेशन से आगे बढ़ती है, तो यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए बताया जाता है कि अगला स्टेशन सूरघाट है, जहां ट्रेन नहीं रुकेगी। मेट्रो के अंदर डिजिटल स्क्रीन पर भी संदेश दिखाई देता है कि ट्रेन इस स्टेशन पर नहीं रुकेगी और यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया जाता है।
दिल्ली मेट्रो के इस अनोखे स्टेशन ने फिलहाल लोगों के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। हालांकि उम्मीद है कि सबवे बनने के बाद यह स्टेशन भी जल्द यात्रियों के लिए पूरी तरह खुल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications