पापा के अवैध संबंध से डर रही थी बेटी, फेसबुक फ्रेंड से कराया मर्डर
यही बात शिखा के दिल में घर कर गई और उसने अपने फेसबुक के दोस्तों सहित अपनी बहन के एक दोस्त के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच डाली।
मेरठ। मेरठ पुलिस ने बीते एक सितंबर को हुए सनसनीखेज मनोज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। हत्याकांड का खुलासा ऐसे हुआ कि खुद पुलिस भी दंग रह गई। पारिवारिक विवाद, अवैध संबंध और जायदाद के बंटवारे को लेकर शिखा नाम की इस युवती ने अपने पिता का ही कत्ल कराने की योजना बनाई। सोशल मीडिया के अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर इसने गुनाह का ऐसा तानाबाना बुना कि वो पिता मनोज को मौत की नींद सुलाकर ही माना।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार हुई आरोपी शिखा बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा है। मृतक मनोज के अपनी ही भाभी के साथ अवैध संबंध थे। जिस वजह से मनोज अपने ही बच्चों के लिए पराया बन गया था। बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा शिखा, उसकी बहन, भाई और मनोज की पत्नी उसे रोकते तो वो आग बबूला हो जाता। मनोज आए दिन उनके साथ मार-पीट करता था।

मान सिंह चौहान (एसपी सिटी) ने बताया कि कुछ लोगों ने आरोपी शिखा और उसके बहन भाई को ये कहकर भी गुमराह कर दिया कि उसका पिता उनकी हत्या करा सकता है। यही बात शिखा के दिल में घर कर गई और उसने अपने फेसबुक के दोस्तों सहित अपनी बहन के एक दोस्त के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच डाली। हिमांशु, लोकेंद्र उर्फ लौकी और हिमांशु जाट के साथ बारह लाख रुपए में हत्या का सौदा तय हुआ और बीते एक सितंबर को सुबह साढ़े चार बजे गोली मारकर मनोज की हत्या कर दी गई।

अवैध संबंधों के साथ-साथ परिवार में जमीन का बंटवारा जायदाद भी इस हत्याकांड की वजह बना। कह सकते हैं कि जर, जोरु और जमीन तीनों ही इस सनसनीखेज वारदात की वजह बने। पुलिस ने शिखा को तो गिरफ्तार कर लिया है लेकिन उसके तीन कातिल साथी अभी भी फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications