Kunal Kamra Row: शिंदे को 'गद्दार' कहने से उद्धव ठाकरे की राजनीति को फायदा या नुकसान? 5 प्वाइंट में पढ़िए

Kunal Kamra Controversy: कुणाल कामरा ने व्यंग के नाम पर महाराष्ट्र की राजनीति में जो विवाद का जहर घोला है, उसका सियासी असर एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) दोनों पर पड़ सकता है। कामरा की भड़काऊ कॉमेडी पर जहां शिवसेना आक्रमक है, वहीं उद्धव की सेना को बड़ा मजा आ रहा है।

लेकिन, सवाल है कि पिछले 5-6 वर्षों में अपने पिता की राजनीति की विचारधारा को पूरी तरह से मोड़ देने वाले उद्धव ठाकरे को क्या इस विवाद का सियासी फायदा मिलेगा या उनकी राजनीति के और भी बुरे दिन शुरू होने की शुरुआत हो चुकी है?

kunal kamra controversy

Kunal Kamra Controversy: 1. कुणाल कामरा की भड़काऊ टिप्पणी और महाराष्ट्र की राजनीति पर असर

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने हाल ही में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर एक पैरोडी गीत के जरिए निशाना साधा, जिसमें उन्हें 'गद्दार' कहकर बुलाया गया। इसके बाद शिंदे की पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके शो के वेन्यू पर हमला कर दिया।

खुद शिंदे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी, जबकि उद्धव ठाकरे गुट ने कामरा का खुलकर समर्थन किया। इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शिवसेना के भीतर की दरार को उजागर किया है।

उद्धव ठाकरे की पार्टी की ओर से जो भी बयान आए हैं, उससे लग रहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उद्धव की लुट-पिट चुकी सियासत को कामरा की बातों में एक नई धार नजर आ रही है।

Kunal Kamra Row: 2. शिंदे पर व्यंग से उद्धव ठाकरे की बढ़ सकती है चुनौती

यह तथ्य है कि शिंदे के बीजेपी में जाने के बाद से उद्धव ठाकरे के लिए वक्त बहुत ही बुरा साबित हो रहा है। 2019 में बीजेपी के साथ चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन कर मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी राजनीति में बड़ा बदलाव आ गया था। उन्हें आसानी से मुख्यमंत्री पद मिल गया।

लेकिन, 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत ने उनकी स्थिति काफी कमजोर कर दी। लोकसभा चुनावों में महाविकास अघाड़ी (MVA) ने जरूर तुलनात्मक रूप से अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन विधानसभा चुनावों में महायुति ने ऐसी जबरदस्त वापसी की कि उद्धव की सियासी जमीन खिसकती महसूस हुई।

अब शिंदे गुट शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की पारंपरिक आक्रामक राजनीति को अपनाकर अपने कार्यकर्ताओं को संगठित कर रहा है, जो कि बीएमसी चुनाव को देखते हुए उद्धव की पार्टी के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है।

Kunal Kamra Controversy: 3. शिंदे गुट की मजबूती और उद्धव के सियासत की सीमाएं

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एकनाथ शिंदे ने पार्टी कैडर और संसाधनों पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। जनता ने भी चुनावों के माध्यम से उनकी शिवसेना पर मुहर लगा दी है। शिंदे की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं को आर्थिक मदद देने की नीति उन्हें संगठनात्मक रूप से काफी मजबूती प्रदान कर रही है।

वहीं, उद्धव ठाकरे के पास अब वैचारिक लड़ाई लड़ने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं बचे हैं, जो कि 'सेक्युलर' छवि के भार से बोझिल होता महसूस हो रहा है। यहां तक कि 'मराठी मानूस' कार्ड भी सीमित असर ही डाल सकता है, क्योंकि शिंदे भी इसमें बड़े खिलाड़ी निकल चुके हैं।

Kunal Kamra Controversy: 4. क्या उद्धव को नैतिक सहानुभूति मिलेगी?

शिंदे की बगावत के बाद से उद्धव ठाकरे ने समर्थकों के बीच खुद को इस तरह से पेश करने की कोशिश की थी, जैसे कि उन्हें राजनीतिक अन्याय का शिकार बनाया गया है। उनके दल के नेता दावा आरोप लगाते हैं कि बीजेपी ने उनकी पार्टी, चुनाव चिन्ह और विधायकों को छीन लिया।

पार्टी को अभी भी भरोसा है कि शिवसेना और बीजेपी की 'राजनीति' के खिलाफ लोग धीरे-धीरे उद्धव की तरफ आकर्षित हो सकते हैं। लेकिन, आलोचकों का साफ तौर पर कहना है कि महाराष्ट्र की राजनीति में सिर्फ 'नैतिक सहानुभूति' से चुनाव नहीं जीते जा सकते और उस 'नैतिक सहानुभूति' का भ्रम भी विधानसभा चुनावों में टूट ही चुका है।

Kunal Kamra Controversy: 5. उद्धव ठाकरे की राजनीति का क्या है भविष्य?

कुछ विश्लेषकों का मानना है कि उद्धव ठाकरे अब राष्ट्रीय राजनीति में एक नई भूमिका तलाश सकते हैं। वे शिवसेना (UBT) को एक उदार और सेक्युलर छवि देने की कोशिश कर ही रहे हैं,और इसे और धार देकर वे विपक्ष के महत्वपूर्ण चेहरे बनने की कोशिश कर सकते हैं।

लेकिन, उनकी यह संभावित रणनीति कितनी सफल होगी, यह अंदाजा लगाना बड़े-बड़े राजनीतिक पंडितों के लिए भी अभी दूर की कौड़ी है। कुल मिलाकर मुंबई के बीएमसी चुनावों में शिवसेना (UBT) का प्रदर्शन इस बात का संकेत देगा कि उद्धव ठाकरे का राजनीतिक भविष्य कैसा होगा।

अगर यहां उनका राजनीतिक दबदबा कायम रहा तो निश्चित तौर पर वे एक बार फिर से प्रदेश की राजनीति में उठ खड़े होने का साहस दिखा सकते हैं। लेकिन, अगर बीएमसी हाथ से निकल गया तो फिर अपने चचेरे भाई राज ठाकरे की कतार में ही खड़े होने को मजबूर हो सकते हैं, जो प्रभावी राजनीतिक में लगभग गुमनामी को गले लगाने के लिए मजबूर हैं।

Take a Poll

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+