IPL Wealth Report: Virat Kohli की कुल कमाई 230 करोड़ पार! धोनी-रोहित को पछाड़ कमाई के किंग बने विराट
IPL Wealth Report: आईपीएल अब केवल फटाफट क्रिकेट नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े बिजनेस मॉडल्स में से एक बन चुका है। हाल ही में जारी की गई प्रतिष्ठित फैनैटिक स्पोर्ट्स हुरून इंडिया 2026 (Fanatic Sports Hurun India 2026) की रिपोर्ट के मुताबिक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का कुल बिजनेस इकोसिस्टम 1.63 लाख करोड़ (लगभग 18 बिलियन डॉलर) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
केकेआर ने मुंबई-चेन्नई को पछाड़ा (IPL Wealth Report)
इस रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाला खुलासा फ्रेंचाइजी की वैल्यूएशन (बाजार मूल्य) को लेकर हुआ है, जहां पांच-पांच बार की चैंपियन मुंबई और चेन्नई को पछाड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) देश की सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी बन गई है। आमतौर पर माना जाता था कि मुंबई इंडियंस (MI) या चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) वैल्यूएशन के मामले में सबसे आगे होंगी, लेकिन हुरून रिपोर्ट के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया।

शाहरुख खान की टीम को ऐसे हुआ फायदा
शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कुल वैल्यूएशन 19,200 करोड़ से 22,500 करोड़ के बीच आंकी गई है। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर मुंबई इंडियंस (18,400 करोड़ से 21,700 करोड़) और तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स (18,400 करोड़ से 20,700 करोड़) है। विशेषज्ञों के मुताबिक केकेआर के नंबर वन बनने की मुख्य वजह उसका वैश्विक विस्तार (ग्लोबल पोर्टफोलियो) है, जिसके तहत उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL), यूएई की ILT20 और अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में भी अपनी टीमें (नाइट राइडर्स ग्रुप) बनाई हैं।
ऑल-टाइम कमाई में किंग कोहली का राज
खिलाड़ियों की व्यक्तिगत कमाई की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े व्यक्तिगत ब्रांड बने हुए हैं। कोहली ने आईपीएल के 18 सीजन में कुल 230.2 करोड़ की ऐतिहासिक कमाई की है। उनके ठीक पीछे रोहित शर्मा (227.2 करोड़) और एमएस धोनी (200.3 करोड़) हैं। वहीं, महिला क्रिकेट (WPL) के बढ़ते वित्तीय ग्राफ की बात करें तो आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ की टूर्नामेंट कमाई के साथ महिला एथलीटों में सबसे आगे हैं।
हालांकि, पुरुष और महिला क्रिकेटरों की कमाई के बीच का अंतर अभी भी काफी बड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती समय में आईपीएल टीमों में निवेश करने वाले कॉर्पोरेट घरानों को कई गुना रिटर्न मिला है। उदाहरण के तौर पर राजस्थान रॉयल्स से बाहर निकलते समय निवेशक लैकलन मर्डोक को अपनी हिस्सेदारी पर 92 गुना से अधिक का मुनाफा हुआ।
भारत का स्पोर्ट्स मार्केट अब केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा है। देश में आईपीएल और डब्ल्यूपीएल के अलावा इंडियन सुपर लीग (फुटबॉल), प्रो कबड्डी लीग, हॉकी इंडिया लीग और प्राइम वॉलीबॉल लीग समेत छह बड़ी पेशेवर लीग सक्रिय हैं, जो वैश्विक स्तर पर कॉर्पोरेट निवेश और भारी संख्या में दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं।















Click it and Unblock the Notifications