दिग्विजय सिंह ने की RSS और अमित शाह की तारीफ, बताया वो किस्सा जब देर रात जंगल में पहुंचाई थी मदद
भोपाल, अक्टूबर 01। पंजाब कांग्रेस में मचे सियासी घमासान को लेकर कांग्रेस के अंदर से ही अब आवाजें उठना शुरू हो गई हैं। मनीष तिवारी और कपिल सिब्बल पहले ही इस घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बता चुके हैं। वहीं सिद्धू और कैप्टन की तकरार ने पार्टी की अंदरूनी कलह का पर्दाफाश कर दिया है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि आजकल के नेताओं के अंदर 'आपसी तालमेल' और राजनीतिक संतुलन नहीं रहा है। आज के नेता इन दोनों बातों को भूल चुके हैं।
Recommended Video

जब अमित शाह और संघ ने की थी दिग्विजय सिंह की मदद
दिग्विजय सिंह गुरुवार को भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अमित शाह और उनका एक किस्सा बताया, जो ये साबित करता है कि राजनीति के इन धुर-विरोधी नेताओं में 'राजनीतिक संतुलन' कितना बेहतर था। दिग्विजय सिंह ने बताया कि चार साल पहले 2017 में वो गुजरात में 'नर्मदा परिक्रमा यात्रा' के दौरान रात को 10:30 बजे के करीब एक वन क्षेत्र में फंस गए थे, बाहर जाने के लिए कोई सड़क नजर नहीं आ रही थी, उस वक्त अमित शाह और आरएसएस ने उन तक मदद पहुंचाई थी। दिग्विजय सिंह ने बताया कि उस गुजरात में विधानसभा चुनाव चल रहे थे।

चुनाव के समय शाह के कठोर आलोचक थे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने बताया कि मैं और मेरी पत्नी उस वक्त नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर थे, जो बेहद ही कठिन होती है। इसी यात्रा के दौरान वो एक दिन देर रात वन क्षेत्र वाले इलाके से निकल रहे थे, जहां वो रात को फंस गए। रात को उन्हें ना तो बाहर जाने का रास्ता मिल रहा था और ना ही वहां रहने की कोई सुविधा। ऐसे में अमित शाह के कहने पर वन विभाग के अधिकारी और RSS कार्यकर्ताओं ने उन तक मदद पहुंचाई थी। सिंह ने कहा, "जो अधिकारी मेरे पास आया था, उसने बताया था कि उन्हें अमित शाह ने हमारी मदद के लिए भेजा है। यह वाकया उस वक्त का है, जब चुनाव चल रहे थे और मैं भाजपा के सबसे कठोर आलोचकों में से एक था, लेकिन इसके बावजूद भी शाह ने मेरी मदद की थी।

आजकल के नेता भूल गए हैं इस सम्मान को- सिंह
दिग्विजय सिंह ने बताया कि ये घटनाक्रम उस वक्त का है, जब मैंने अमित शाह को कभी नहीं देखा था। इस घटनाक्रम के बाद मैं अमित शाह से मिला और उनका सम्मान व्यक्त किया था। सिंह ने कहा कि आजकल के नेता इस सम्मान को भूल चुके हैं। आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह का ये बयान ऐसे वक्त आया है, जब कांग्रेस के कई दिग्गज नेता ये सवाल खड़े कर रहे हैं कि आखिर पार्टी कैसे चलाई जाए?
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने किसान महापंचायत को सुनाई खरी-खरी, कहा- आपने पूरे शहर का गला घोंट दिया












Click it and Unblock the Notifications