'नहीं दे पाती हूं वक्त', CM बनने के बाद परिवार के बारे में खुलकर बोलीं रेखा गुप्ता, पति को दिया सफलता का श्रेय
CM Rekha Gupta: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने राजनीतिक सफर में पति के समर्थन को सबसे बड़ी ताकत बताया है। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग हर सफलता की नींव होता है। रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वह इस समय भाजपा शासित राज्यों की इकलौती महिला मुख्यमंत्री हैं।
रेखा गुप्ता का राजनीति में पहला कदम 1995 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव बनने से शुरू हुआ। इसके बाद 1996 में वह अध्यक्ष बनीं। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ी रही हैं, जो भाजपा की छात्र शाखा है। इसके बाद उन्होंने पार्षद, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे कई अहम पदों पर काम किया।

पहली बार बनीं विधायक, मिली सीएम की जिम्मेदारी
रेखा गुप्ता शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं और भाजपा ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर बड़ा दांव खेला है। उन्होंने आम आदमी पार्टी को हटाकर दिल्ली में सत्ता में वापसी दिलाई।
ये भी पढ़ें: Rekha Gupta के 'ठुल्ला' वाले बयान पर मचा बवाल, अब CM ने दी सफाई, पुराने पोस्ट्स पर भी जताया अफसोस
'परिवार के लिए समय निकालना हो गया है मुश्किल'
मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता की दिनचर्या बेहद व्यस्त हो गई है। पहले वे रोज़ अपने बच्चों से बात करती थीं, जो दिल्ली से बाहर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें तीन-चार दिन में ही बात करने का मौका मिल पाता है। पति से भी बातचीत कम हो गई है, लेकिन उनका साथ अब भी बना हुआ है।
'पति और परिवार का मिलता है पूरा साथ'
रेखा गुप्ता ने अपने पति की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि अगर पारिवारिक सहयोग न मिले, तो सफलता की राह मुश्किल हो जाती है। उन्होंने बताया कि वे एक संयुक्त परिवार में रहती हैं, जिसमें उनके पति, चार देवर और सास शामिल हैं। उनके अपने मायके में माँ, तीन बहनें और एक भाई हैं। उनके पिता का निधन कोविड काल में हुआ था।
'राजनीति में चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं'
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनसे पहले यह जिम्मेदारी सुषमा स्वराज (भाजपा), शीला दीक्षित (कांग्रेस) और आतिशी (आप) निभा चुकी हैं। रेखा हरियाणा के जुलान में पैदा हुई थीं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से कॉमर्स में स्नातक और मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री ली है। राजनीति में आने से पहले वह वकील के रूप में काम कर चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi News: CM रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा फैसला, AAP कार्यकाल में नियुक्त गैर-संवैधानिक पदाधिकारियों की छुट्टी












Click it and Unblock the Notifications