रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग कल , बनाए गए 266 मतदान केंद्र
Chhattisgarh By Election: छत्तीसगढ़ की रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को किया जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा मतदान प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है। रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए कुल 266 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 253 मुख्य सामान्य मतदान केंद्र हैं, जबकि 13 उप मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, कुछ विशेष आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं, जिनमें से 10 केंद्र संगवारी बूथ होंगे, जहां केवल महिलाएं ही मतदान प्रक्रिया का प्रबंधन करेंगी। इन मतदान केंद्रों में पीठासीन अधिकारी से लेकर सभी सहायक स्टाफ महिलाएं ही होंगी।
दिव्यांगों और युवाओं के लिए विशेष केंद्र
इस उपचुनाव में एक मतदान केंद्र को दिव्यांगों के भरोसे संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी स्टाफ सदस्य दिव्यांग होंगे। इसके अलावा, पांच मतदान केंद्रों का प्रबंधन युवाओं के द्वारा किया जाएगा, जहां 30 से 35 वर्ष के युवा कर्मचारी मतदान प्रक्रिया का संचालन करेंगे। इस बार कुल 1500 कर्मचारियों की टीम मतदान प्रक्रिया को संचालित करेगी, जो सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक मतदान केंद्रों पर तैनात रहेगी।

नए मतदाता और सामग्री वितरण
इस उपचुनाव में पिछली बार के मुकाबले 10,000 से ज्यादा नए मतदाता जुड़े हैं। इस बार कुल 2,71,169 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 1,33,800 पुरुष , 1,37,317 महिलाएं , और 52 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। मतदान दलों के लिए मतदान सामग्री का वितरण मंगलवार सुबह से सेजबहार से किया गया। इसके लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय से सुबह सात बजे से बसों की व्यवस्था की गई, ताकि मतदान दल अपनी-अपनी सामग्री लेकर निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंच सकें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी पूरी
रायपुर दक्षिण उपचुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी की है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए दो हजार जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें सीआरपीएफ और पुलिस की टीम शामिल हैं। ये जवान एक दिन पहले से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल चुके हैं।
यह भी पढ़ें पूर्व सांसद सुनील सोनी लड़ेंगे रायपुर दक्षिण उपचुनाव ,भाजपा ने दिया टिकट, पढ़िए उनका पूरा बायोडाटा
मतदान समय और परिणाम
13 नवंबर को मतदान सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान के बाद सभी दलों की सामग्री सेजबहार स्थित स्ट्रांग रूम में जमा की जाएगी। उपचुनाव के परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
फैक्ट फाइल
- कुल मतदाता: 2,71,169
- पुरुष मतदाता: 1,33,800
- महिला मतदाता:1,37,317
- तृतीय लिंगी मतदाता: 52
इनके बीच होगा मुख्य मुकाबला
रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। यह सीट पूर्व विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद खाली हुई थी। अब इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा हो रही है।
भाजपा ने इस सीट से पूर्व सांसद सुनील सोनी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने युवा नेता आकाश शर्मा को टिकट दिया है। यह चुनाव दोनों ही दलों के लिए अहम है, क्योंकि यह भाजपा और कांग्रेस दोनों की ताकत का प्रदर्शन करने का एक मौका होगा, और रायपुर के राजनीतिक परिदृश्य पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा।
यह भी पढ़ें गुजरात में हुई छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर एफआईआर? कांग्रेस ने बताई सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications