Miss Universe 2026 Winner: कौन हैं 27 साल की जेनिफर बैरेटो? मिस यूनिवर्स का जीता ताज, कितनी मिली प्राइज मनी?
Miss Universe 2026 Winner: मिस यूनिवर्स 2026 को अपना नया विजेता मिल गया है। प्यूर्टो रिको की 27 साल की जेनिफर बैरेटो (Jennifer Barreto) ने 75वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। खास बात ये है कि इस बार प्रतियोगिता का आयोजन उनके अपने देश प्यूर्टो रिको में हुआ, जहां उन्होंने दुनिया भर से आई 115 अन्य प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया। मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें मिस यूनिवर्स का ताज पहनाया।
मिस यूनिवर्स बनीं जेनिफर बैरेटो
जेनिफर बैरेटो की जीत प्यूर्टो रिको के लिए भी ऐतिहासिक है। उनके देश को करीब 20 साल बाद मिस यूनिवर्स का ताज मिला है। इससे पहले साल 2006 में जुलेइका रिवेरा ने ये खिताब जीता था। हालांकि जेनिफर की कहानी सिर्फ खूबसूरती और ग्लैमर तक सीमित नहीं है। वह मनोविज्ञान और सोशल वर्क के क्षेत्र में पढ़ाई करने के साथ घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार के खिलाफ भी काम कर चुकी हैं। आइए जानते हैं कौन हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो, उनकी पढ़ाई, परिवार, करियर और उन्हें मिलने वाली प्राइज मनी के बारे में।

कौन हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो?
-जेनिफर बैरेटो की उम्र 27 साल है और वह प्यूर्टो रिको की रहने वाली हैं। उन्होंने मिस यूनिवर्स 2026 में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। वह पेशे से साइकोलॉजिस्ट और सोशल वर्कर हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता भी काफी प्रभावशाली है। उन्होंने रिसर्च साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उनके पास साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां भी हैं।
-जेनिफर ने अपनी पढ़ाई का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया है। वह मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक समस्याओं और घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर काम करती रही हैं। उनका मानना है कि लोगों की भावनात्मक सेहत और मानसिक स्वास्थ्य को भी उतनी ही गंभीरता से लिया जाना चाहिए, जितना शारीरिक स्वास्थ्य को दिया जाता है।
अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ कर चुकी हैं काम
-जेनिफर बैरेटो ने साल 2021 में अमेरिका के फोर्ट हूड, टेक्सास में अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। यहां उन्होंने अमेरिकी रक्षा विभाग के फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के तहत काम किया। इस दौरान वह एजुकेटर और क्राइसिस रिस्पॉन्डर के तौर पर सैन्य परिवारों की मदद करती थीं। उनका काम घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार से प्रभावित परिवारों को सहायता देना था। इसके अलावा वह लोगों को ऐसी घटनाओं की रोकथाम और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में जागरूक भी करती थीं।
-जेनिफर ने कार्ल आर डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में स्वयंसेवक के रूप में भी काम किया है। जेनिफर का मानना है कि मिस यूनिवर्स जैसा अंतरराष्ट्रीय मंच उन्हें मानसिक स्वास्थ्य और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर देगा।
शादीशुदा हैं जेनिफर, 7 साल की बेटी की हैं मां
-जेनिफर बैरेटो की निजी जिंदगी भी काफी दिलचस्प है। वह शादीशुदा हैं और उनकी 7 साल की बेटी है, जिसका नाम पेनेलोप है। उनके पति का नाम जीन कार्लोस बैरेटो है। खास बात ये है कि जेनिफर मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली मां बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने ये साबित किया है कि मातृत्व किसी महिला के सपनों और करियर की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए।
-जेनिफर महिलाओं को ये संदेश देना चाहती हैं कि शादी और मां बनने के बाद भी वे अपने व्यक्तिगत सपनों को पूरा कर सकती हैं। वह अपने परिवार को अपनी ताकत मानती हैं और प्रतियोगिता के दौरान भी उनके पति और बेटी ने उनका समर्थन किया।
महज चार महीने में ऐसे बदली किस्मत
-जेनिफर बैरेटो की मिस यूनिवर्स तक पहुंचने की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। वह पहले से ब्यूटी पेजेंट की दुनिया का हिस्सा नहीं थीं। उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके महज चार महीने बाद जून 2026 में उन्होंने मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीत लिया। इस जीत के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
-जेनिफर ने खुद स्वीकार किया था कि मिस यूनिवर्स का सफर शुरू करने के बाद वह पहले जैसी नहीं रहीं। इस अनुभव ने उनके आत्मविश्वास और सोच को बदल दिया। उन्होंने इस मंच को केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं बल्कि समाज में अपनी आवाज पहुंचाने का माध्यम माना।
मिस यूनिवर्स 2026 में किसे मिला कौन-सा स्थान?
-मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले 24 नवंबर 2026 को प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित हुआ। इस 75वें संस्करण में कुल 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया।
-प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं। वेनेजुएला की क्लारा वेगास ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की तीसरे और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन चौथे स्थान पर रहीं। भारत की ओर से काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। वह टॉप-30 तक पहुंचने में कामयाब रहीं लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं।
मिस यूनिवर्स 2026 को कितनी मिलेगी प्राइज मनी?
-मिस यूनिवर्स का ताज जीतने के बाद जेनिफर बैरेटो को सिर्फ प्रतिष्ठित क्राउन ही नहीं बल्कि कई आर्थिक और लग्जरी सुविधाएं भी मिलने की खबरें हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिस यूनिवर्स विजेता को करीब 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 2.2 करोड़ रुपये की नकद राशि मिल सकती है। इसके अलावा उनके एक साल के कार्यकाल के दौरान हर महीने करीब 50 हजार डॉलर यानी लगभग 44 लाख रुपये का भत्ता मिलने की भी रिपोर्ट है।
-हालांकि मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने 2026 की विजेता के लिए आधिकारिक प्राइज मनी की पुष्टि नहीं की है। इसलिए इन आंकड़ों को रिपोर्ट्स में बताई गई अनुमानित राशि के तौर पर ही देखना चाहिए।
-नकद राशि के अलावा विजेता को न्यूयॉर्क में रहने के लिए अपार्टमेंट, विदेश यात्राओं, होटल और आने-जाने की व्यवस्था जैसी सुविधाएं मिलने की परंपरा रही है। उनके लिए पर्सनल स्टाइलिस्ट, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर एक्सपर्ट और अन्य प्रोफेशनल सेवाओं की व्यवस्था भी की जाती है।
3150 हीरों से बना है मिस यूनिवर्स 2026 का ताज
-इस बार जेनिफर बैरेटो को जो ताज पहनाया गया है, उसका नाम 'द रेडियंस ऑफ इटरनल लेगेसी' (The Radiance of Eternal Legacy) है। ये खास क्राउन मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर तैयार किया गया है।
-इस क्राउन में 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड के साथ 3,150 चमकदार हीरे जड़े हुए हैं। इसे ज्वेलरी डिजाइनर जॉर्ज विटेल्स ने डिजाइन किया है। ताज में लगे तीन प्रमुख हीरों को अलग-अलग पीढ़ियों की महिलाओं और उनके योगदान का प्रतीक बताया गया है। हालांकि ये ताज विजेता की निजी संपत्ति नहीं होता। मिस यूनिवर्स अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान इसे आधिकारिक कार्यक्रमों में पहनती हैं और अगले साल नई विजेता को सौंप देती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
