10 लाख लोग, ₹ 500 Cr बिजनेस, 11 लाख दीये और आसमान में गंगा आरती! काशी की देव दीपावली में आस्था-तकनीक का संगम
कार्तिक पूर्णिमा की शाम वाराणसी एक बार फिर रोशनी के ऐसे समंदर में तब्दील हो गई, जहां सदियों पुरानी आस्था और आधुनिक तकनीक एक साथ नजर आई। 24 नवंबर 2026 को मनाई गई देव दीपावली के मौके पर काशी के सभी 84 घाट लगभग 11 लाख मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगा उठे।
डीडी न्यूज़ द्वारा साझा किए गए दृश्यों के मुताबिक, शाम ढलते ही गंगा किनारे के घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरा शहर उत्सव के रंग में रंग गया। पारंपरिक भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच इस बार 3D लेजर शो और ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों का खास ध्यान खींचा।

धरती पर मिट्टी के दीये, आसमान में ड्रोन से 'गंगा आरती'
देव दीपावली 2026 की सबसे चर्चित तस्वीरों में से एक वाराणसी के आसमान में हुआ ड्रोन शो रहा। इस शो का संचालन करने वाली कंपनी BotLab Dynamics ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा करते हुए बताया कि ड्रोन शो के जरिए काशी के घाटों की प्रसिद्ध गंगा आरती को आसमान में जीवंत किया गया।
एक ओर घाटों की सीढ़ियों पर कतारबद्ध जले लाखों पारंपरिक मिट्टी के दीये थे, तो दूसरी ओर गंगा के ऊपर रात के आसमान में सैकड़ों रोशनियों से उकेरी गई आकृतियां और 3D लेजर शो की चमक। यह संयोजन दर्शाता है कि काशी ने अपनी मूल आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक विजुअल स्टोरीटेलिंग को भी किस सहजता से अपनाया है।
84 घाटों का अर्धचंद्राकार नजारा सबसे अनूठा
वाराणसी में देव दीपावली का दृश्य देश के किसी भी अन्य दीपोत्सव से अलग माना जाता है। इसकी बड़ी वजह यहां के घाटों की प्राकृतिक और ऐतिहासिक बनावट है। उत्तरवाहिनी गंगा के किनारे बसे काशी के 84 घाट अर्धचंद्राकार (crescent shape) आकार में फैले हुए हैं।
जब इन सभी घाटों की सीढ़ियों, मंडपों और प्राचीन इमारतों पर करीब 11 लाख दीये एक साथ जलते हैं, तो उनकी रोशनी सीधे गंगा की लहरों पर प्रतिबिंबित होती है। यही वजह है कि घाटों से लेकर नावों तक से दिखने वाला यह दृश्य हर साल देश-विदेश के फोटोग्राफरों और पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनता है।
दीपावली के ठीक 15 दिन बाद कार्तिक मास की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली देव दीपावली को 'देवताओं की दीपावली' कहा जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था, जिसके कारण इस तिथि को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है।
मान्यता है कि त्रिपुरासुर के अंत की खुशी में सभी देवता स्वर्ग से उतरकर काशी आए थे और उन्होंने गंगा स्नान कर दीप जलाए थे। तभी से कार्तिक पूर्णिमा की शाम काशी के घाटों पर दीपदान करने और गंगा आरती में शामिल होने की परंपरा चली आ रही है।
सांस्कृतिक उत्सव से ग्लोबल पहचान तक
समय के साथ काशी की देव दीपावली केवल एक स्थानीय धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भव्य गंगा आरती, 3D लेजर शो और ड्रोन शो जैसे आयोजनों ने इसे भारत के प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन उत्सवों की कतार में खड़ा कर दिया है।
24 नवंबर की शाम हुए इस भव्य आयोजन के वीडियो अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। देव दीपावली 2026 ने एक बार फिर साबित किया है कि काशी की असली ताकत उसकी निरंतरता में है-जहां प्राचीन परंपराएं समय के साथ फीकी पड़ने के बजाय नए स्वरूप में और अधिक प्रभावी होकर सामने आती हैं।
काशी में अपार भीड़, आसमान छूए होटल-बोट्स के रेट
2026 की देव दीपावली पर भगवान शिव की नगरी और प्रधानमंत्री मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी-काशी में लगभग 10 लाख से अधिक पर्यटक की मौजूदगी और लगभग 500 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। शहर के होटलों, गेस्टहाउस और लक्ज़री बोट्स में हाउसफुल की स्थिति रही किराया सामान्य से 235 फिसदी तक अधिक देखा गया।
डबल डेकर नावों की बुकिंग 50,000 रुपये से शुरू होकर 2 से 3 लाख रुपये तक बताई गई है। वहीं, क्रूज पैकेज और शेयरिंग बोट क्रूज के रेट 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति से लेकर एक्सक्लूसिव पैकेज के लिए 3.5 से 5 लाख रुपये तक दर्ज किए गए। छोटी नावों का किराया भी आम दिनों में प्रतिव्यक्ति 600-800 रुपये से चारगुणा बढकर 2,500 से 10,000 रुपये तक पहुंच गया।


Click it and Unblock the Notifications
