Bangladesh में 27-28 नवंबर को फुल लॉकडाउन, शेख हसीना की वापसी से बढ़ा तनाव, रखीं 8 बड़ी मांगें

Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश में राजनीतिक संकट एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी के ऐलान के बीच उनकी पार्टी आवामी लीग ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। पार्टी ने 27 और 28नवंबर को पूरे देश में फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके साथ ही सरकार के सामने 8 बड़ी मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी पर लगे प्रतिबंध हटाने, राजनीतिक बंदियों को रिहा करने और शेख हसीना समेत नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने जैसी मांगें शामिल हैं।

बांग्लादेश में हिंसा, तोड़फोड़ और हमलों की खबर
बांग्लादेश में एक ओर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, तो दूसरी ओर कई इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ और हमले की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में देश की स्थिति और तनावपूर्ण होने की आशंका जताई जा रही है।

Sheikh Hasina

27 और 28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान

शेख हसीना की वापसी को लेकर आवामी लीग लगातार प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला और बुधवार से आंदोलन को और तेज करने की घोषणा की। इसी क्रम में पार्टी ने 27 और 28 नवंबर को पूरे बांग्लादेश में लॉकडाउन बुलाया है। आवामी लीग का कहना है कि उसकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। पार्टी अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई, राजनीतिक प्रतिबंधों और मौजूदा हालात को लेकर सरकार के विरोध में आंदोलन कर रही है।

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना?

-पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस के तौर पर मनाई जाती है। 1971 में इसी दिन देश ने पाकिस्तान से मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी।

-शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी ने बांग्लादेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। उनकी वापसी को लेकर समर्थकों में उत्साह है जबकि राजनीतिक विरोध और मौजूदा हालात को देखते हुए देश में तनाव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

-इसी बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान ने अपने ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया दौरे को बीच में ही समाप्त कर देश लौटने का फैसला किया है। वह शेख हसीना की वापसी और बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के मुद्दे पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात करने वाले हैं।

आवामी लीग ने सरकार के सामने रखीं 8 मांगें

आवामी लीग ने अपने आंदोलन के तहत सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। पार्टी चाहती है कि उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर रोक लगे और राजनीतिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अनुमति दी जाए।

पार्टी की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं-

1. शेख हसीना और आवामी लीग के नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए और कथित राजनीतिक फैसलों को रद्द किया जाए।
2. आवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध हटाए जाएं और पार्टी को राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति मिले।
3. राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे खत्म किए जाएं।
4. देश में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण किया जाए। बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद और जरूरी सामान की कीमतें कम की जाएं।
5. बंद पड़े उद्योगों को दोबारा शुरू किया जाए और बेरोजगार श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं।
6. नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हत्या, बलात्कार, लूटपाट, जबरन वसूली और अवैध कब्जे जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए। महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
7. सैन्य और नागरिक अधिकारियों के साथ पत्रकारों के खिलाफ कथित झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी सुरक्षित रखी जाए।
8. उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों को दोबारा गिरफ्तार किया जाए।

बांग्लादेश में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं बढ़ीं

-राजनीतिक तनाव के बीच बांग्लादेश के कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। शेख हसीना के गृह जिले में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किए जाने की खबर है। वहीं गोपालगंज में भी दुकानों को निशाना बनाया गया।

-मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गत 24 नवंबर 2026 ( मंगलवार) को गोपालगंज में करीब 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। क्रिकेट स्टेडियम के पास फूलों की दुकानों पर भी हमला हुआ। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने स्थानीय लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है।

शेख हसीना की वापसी से क्या और बिगड़ेंगे हालात?

शेख हसीना की वापसी का ऐलान, आवामी लीग का देशव्यापी लॉकडाउन और पार्टी की 8 मांगों ने बांग्लादेश की राजनीति को एक बार फिर उथल-पुथल के दौर में ला खड़ा किया है। आने वाले दिनों में सरकार का रुख और राजनीतिक दलों के बीच बातचीत यह तय करेगी कि देश में तनाव कम होता है या आंदोलन और हिंसक रूप लेता है। फिलहाल बांग्लादेश में 27 और 28 नवंबर के लॉकडाउन और 16 दिसंबर 2026 को शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+