गुजरात में हुई छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर एफआईआर? कांग्रेस ने बताई सच्चाई
Chhattisgarh State Congress President Deepak Baij: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद साइबर सेल द्वारा पूर्व सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ फर्जी वीडियो शेयर करने के लिए एफआईआर दर्ज करने की खबर पूरी तरह से गलत और भ्रामक है।
राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ कहीं भी, कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। न ही पीसीसी अध्यक्ष ने गुजरात की स्वास्थ्य व्यवस्था के संबंध में कोई पोस्ट सोशल मीडिया पर किया था। उन्होंने बताया कि रायपुर दक्षिण के चुनाव में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की सक्रियता से घबराई भाजपा के आईटी सेल ने इस फर्जी खबर को प्रचारित कर कांग्रेस अध्यक्ष की छवि खराब करने की कोशिश की है।

बिलासपुर का था वीडियों
सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने 31 अक्टूबर को बिलासपुर के जिला अस्पताल का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था, जिसमें एक व्यक्ति घायल अवस्था में अस्पताल के फर्श पर तड़प रहा था। डॉक्टर बातचीत में मशगूल थे, उसका इलाज नहीं कर रहे थे। यह वीडियो छत्तीसगढ़ के बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का आईना था।
पायल गुप्ता पर हुई एफआईआर
उन्होंने बताया कि इस मामले को उठाने के बाद बिलासपुर हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया था और सरकार को नोटिस भी दिया था। लेकिन किसी पायल गुप्ता नाम की महिला, जो गुजरात की है, ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस वीडियो को पोस्ट किया और उसमें इसे गुजरात की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का आईना बताया था। अहमदाबाद साइबर सेल ने पायल गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है, जिससे छत्तीसगढ़ के पीसीसी अध्यक्ष का कोई वास्ता नहीं है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस पूरे मामले में भाजपा के आईटी सेल की भूमिका संदिग्ध है और यह फर्जी खबर कांग्रेस अध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए फैलाई गई है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में जल्द ही कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications