Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

UP BJP and 2024: चुनाव से पहले 400 दिन का शोर, यूपी पर है पूरा जोर

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आमचुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा में हलचल शुरू हो गयी है। इसके साथ ही सरकार से लेकर पार्टी संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गयी है।

BJP Mission 2024 start a campaign for general elections 2024 in uttar pradesh

UP BJP and 2024: दिल्‍ली में भाजपा की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इस साल नौ राज्‍यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिनमें कर्नाटक, राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश जैसे कई बड़े एवं महत्‍वपूर्ण राज्‍य शामिल हैं। पर, भाजपा की निगाह सर्वाधिक सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर है। राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा कार्यकाल विस्‍तार के बाद अपना पहला कार्यक्रम 20 जनवरी को गाजीपुर में आयोजित सभा से करने जा रहे हैं।

भाजपा उत्‍तर प्रदेश को लेकर बेहद सजग है। निकाय चुनाव टल जाने के बाद भाजपा जल्‍द ही अपने संगठन के कील कांटे चुस्‍त दुरुस्‍त करने जा रही है। 2024 को ध्‍यान में रखते हुए संगठन में फेरबदल किया जायेगा। चालीस फीसदी नये चेहरों को संगठन में लाने की तैयारी है। जातीय समीकरण का ध्‍यान रखते हुए पुराने लोगों के पद और कद में भी बदलाव किया जायेगा। निकाय चुनाव की संभावना की वजह से भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव को टाल रही थी, लेकिन अब उसे समय मिल गया है। प्रदेश के साथ जिलास्‍तर पर भी कई चेहरे बदल जायेंगे।

बीते दिनों लखनऊ में राष्‍ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल के बीच बदलाव को लेकर चर्चा हो चुकी है। एक व्‍यक्ति एक पद के भाजपा के सिद्धांत के आधार पर तीन पदाधिकारियों की संगठन से विदायी तय है। प्रदेश उपाध्‍यक्ष दयाशंकर सिंह, अरविंद कुमार शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर योगी मंत्रिमंडल में मंत्री बन चुके हैं। इनके स्‍थान पर नये चेहरों को मौका मिलेगा। दूसरी तरफ लंबे समय से संगठन में दायित्‍व निभा रहे पदाधिकारी भी बाहर किये जायेंगे।

भाजपा के सात मोर्चों में से तीन में बदलाव होना संभावित है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्‍यक्ष प्रांशुदत्‍त द्विवेदी विधान परिषद सदस्‍य बन चुके हैं। उम्र के लिहाज से भी प्रांशु अब युवा मोर्चा के समीकरण में फिट नहीं हैं, इसलिये उन्‍हें युवा मोर्चा से लाकर प्रदेश संगठन में कोई जिम्‍मेदारी सौंपी जा सकती है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्‍यक्ष नरेंद्र कश्‍यप का हटना तय है। कश्‍यप वर्तमान में राज्‍य सरकार में पिछड़ा वर्ग एवं दिव्‍यांगजन सशक्‍तीकरण राज्‍यमंत्री स्‍वतंत्र प्रभार का दायित्‍व निभा रहे हैं। इनकी जगह दमदार पिछड़ा चेहरा लाने की तैयारी है।

महिला मोर्चा के प्रदेश अध्‍यक्ष पद से भी गीता शाक्‍य का पत्‍ता कटना तय है। इन्‍हें प्रदेश संगठन में समायोजित किया जा सकता है। इन्‍हें राज्‍यसभा सदस्‍य बनाकर पार्टी ने पिछड़ों के साथ महिलाओं को भी साधा था, लेकिन मैनपुरी उपचुनाव में इसका असर नहीं दिखा। अब किसी नये चेहरे को यह जिम्‍मेदारी सौंपी जायेगी। कई क्षेत्रीय अध्‍यक्षों को बदला जाना संभावित है। खतौली और मैनपुरी उपचुनाव में हार के बाद पश्चिम एवं ब्रज दोनों क्षेत्रीय अध्‍यक्षों को बदले जाने की तैयारी है। ब्रज में रजनीकांत माहेश्‍वरी की जगह किसी पिछड़े चेहरे को स्‍थान मिल सकता है।

पश्चिम क्षेत्र में जाट समुदाय से आने वाले अध्‍यक्ष मोहित बेनीवाल का हटना तय है। मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा उपचुनाव में प्रदेश अध्‍यक्ष, क्षेत्रीय अध्‍यक्ष, स्‍थानीय सांसद के जाट होने के बावजूद जाट वोटर रालोद के साथ गया था। सोशल इंजीनियरिंग के तहत भाजपा अब जाट क्षेत्रीय अध्‍यक्ष को हटाकर किसी गुर्जर या त्‍यागी बिरादरी को क्षेत्रीय अध्‍यक्ष बना सकती है। अवध क्षेत्र के अध्‍यक्ष का पद भी शेष नारायण मिश्रा के निधन के बाद से खाली है। इस पर किसी ब्राह्मण चेहरे को ही महत्त्व दिया जायेगा। काशी क्षेत्र के अध्‍यक्ष पद पर भी बदलाव संभव है।

लोकसभा चुनाव में कई सांसदों के टिकट कटने हैं। कई की सीट बदले जानी हैं। शीर्ष नेतृत्‍व ने इसका ब्‍लूप्रिंट भी तैयार करा रखा है, लिहाजा कई जिलों एवं महानगरों के अध्‍यक्ष भी जातीय एवं क्षेत्रीय समीकरण के हिसाब से बदले जायेंगे। कई जिलाध्‍यक्षों पर भ्रष्‍टाचार, परिवारवाद, पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगे हैं, उनका हटना तय है। साथ ही जिलाध्‍यक्ष एवं महानगर अध्‍यक्ष पद पर दो कार्यकाल पूरा करने वाले चेहरे भी बदले जायेंगे। आतंरिक समीकरण के अलावा भाजपा बाहरी समीकरणों को भी ठीक करने में जुटी हुई है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा से छिटकने वाले जातीय आधारित दलों को फिर से साथ जोड़ने की तैयारी है। सुभासपा के अध्‍यक्ष ओम प्रकाश राजभर इस सूची में पहले नंबर पर हैं। गाजीपुर, बलिया, चंदौली, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही लोकसभा सीटों पर राजभर वोटों का अच्‍छा खासा प्रभाव है, लिहाजा लोकसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश राजभर को एनडीए में शामिल करने की रणनीति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव जीत के लिये वह सारे समीकरण दुरुस्‍त करने पर जोर दे रहे हैं, जो विधानसभा में छोड़ दिये गये थे।

राजनीतिक रणनीतियों के साथ भाजपा उन सीटों पर अपना बूथ मजबूत कर रही है, जहां पिछली बार वह हार गई थी। यूपी भाजपा मोदी एवं योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों का डाटा जुटा रही है। इसके लिये जिला स्‍तर पर कार्यकर्ताओं को डाटा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

भाजपा यूपी में 2014 के नतीजे को दोहराने का लक्ष्‍य लेकर चल रही है। यूपी को बिहार से हो सकने वाले नुकसान की भरपायी वाले राज्‍यों की सूची में रखा गया है। पार्टी यहां एक बार फिर 70 से ज्‍यादा सीटें जीतने के लक्ष्‍य के साथ काम कर रही है।

Recommended Video

    Yogi Adityanath और JP Nadda का Varanasi में दिखा कैसा मस्त अंदाज़ ? | वनइंडिया हिंदी | #Shorts

    यूपी में भाजपा ने 2014 में अपना दल के साथ 73 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2019 में यह आंकड़ा 64 रह गया था। आजमगढ़ एवं रामपुर उपचुनाव जीत के बाद भाजपा 66 तक पहुंच गई है। 2019 में यूपी-बिहार की 120 सीटों में भाजपा ने अपना दल, लोजपा तथा जदयू के साथ मिलकर 103 सीटें हासिल की थी। जदयू के अलग हो जाने के बाद भाजपा के लिये बिहार में मुश्किल बढ़ गई है। बिहार के मुकाबले भाजपा के सामने यूपी में आसान विपक्ष है, लिहाजा बिहार के नुकसान की भरपाई करने में उत्तर प्रदेश सबसे महत्‍वपूर्ण राज्‍य हो सकता है।

    यह भी पढ़ें: BJP and Muslims: राम मिलने के बाद अब मोमिन की खोज में भाजपा

    (इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

    More From
    Prev
    Next
    Notifications
    Settings
    Clear Notifications
    Notifications
    Use the toggle to switch on notifications
    • Block for 8 hours
    • Block for 12 hours
    • Block for 24 hours
    • Don't block
    Gender
    Select your Gender
    • Male
    • Female
    • Others
    Age
    Select your Age Range
    • Under 18
    • 18 to 25
    • 26 to 35
    • 36 to 45
    • 45 to 55
    • 55+