Vijay In NDA: विजय को एनडीए में लाने के लिए क्यों तैयार बीजेपी? दिल्ली की चाल से चेन्नई की सियासत में भूचाल!
Vijay In NDA: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों एक नए गठबंधन के जमीन पर बनने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। खबरें हैं कि सुपरस्टार और टीवीके (TVK) प्रमुख जोसफ विजय को एनडीए में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें तमिलनाडु में संभावित सत्ता समीकरण के तहत डिप्टी सीएम जैसे बड़े पद का ऑफर भी दिया गया है।
हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस संभावित गठबंधन ने दिल्ली से लेकर चेन्नई तक की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि दिल्ली से तय हुई इस सियासी चाल से लंबे समय के लिए तमिलनाडु की राजनीति प्रभावित हो सकती है।

Vijay पार्टी को बताते रहे हैं राज्य में तीसरा विकल्प
अपनी पार्टी लॉन्च करने के बाद से विजय प्रदेश की राजनीति में खुद को एक विकल्प के तौर पर पेश कर रहे हैं। डीएमके पर वह खासे हमलावर रहे हैं और सूत्रों के हवाले से कहा जाता है कि टीवीके के लिए वह स्वाभाविक गठबंधन कांग्रेस को मानते रहे थे। इसके बावजूद बात नहीं बनी, लेकिन उन्होंने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को उड़ान देने के फैसले से पीछे नहीं हटे।
Vijay In NDA: विजय को गठबंधन में लेने के लिए क्यों तैयार है बीजेपी?
दरअसल, तमिलनाडु में राजनीतिक समीकरण लंबे समय से दो बड़े दिग्गज दलों डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) के इर्द-गिर्द घूमती रही है। वहीं बीजेपी (BJP) राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक उसे सीमित सफलता ही मिली है। ऐसे में भाजपा एक ऐसे चेहरे की तलाश में है जो राज्य में बड़े पैमाने पर जनसमर्थन जुटा सके। फिल्मों की दुनिया से आने की वजह से उनकी लोकप्रियता विशाल है। वह बीजेपी के लिए पोस्टर बॉय का काम कर सकते हैं।
Tamil Nadu Election: TVK की नजर युवा वोटर्स पर
तमिल सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में गिने जाने वाले विजय की फैन फॉलोइंग बेहद बड़ी है। उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी टीवीके (TVK) की घोषणा की है और 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान भी किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय की लोकप्रियता खासकर युवाओं और शहरी वोटर्स के बीच काफी मजबूत है, जो चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। बीजेपी की कोशिश भी दक्षिण में पैर जमाने की है और जातिगत समीकरणों को साधने के साथ ही उसके निशाने पर महिला और युवा वोटर्स हैं।
Vijay In NDA: तीसरे नंबर की पार्टी बनना बीजेपी को मंजूर
दिलचस्प बात यह है कि अगर विजय की पार्टी एनडीए के साथ आती है, तो गठबंधन में सीटों और जनाधार के हिसाब से भाजपा तीसरे नंबर की पार्टी बन सकती है। इसके बावजूद भाजपा इस संभावना के लिए तैयार दिख रही है। इसकी वजह यह है कि पार्टी का लक्ष्य तमिलनाडु में लंबे समय के लिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी को मजबूत करना है। आने वाले समय में यह साफ होगा कि विजय वास्तव में एनडीए के साथ जाते हैं यानहीं। इतना तय है कि उनकी राजनीतिक भूमिका तमिलनाडु के आगामी चुनावों में नए समीकरण जरूर पैदा कर सकती है। अगर यह गठबंधन बनता है, तो राज्य की पारंपरिक राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में एक और फिल्म स्टार की चमकेगी किस्मत
तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी सितारों का प्रभाव कोई नई बात नहीं है। राज्य के कई बड़े नेता फिल्मों से राजनीति में आए और सफल भी रहे। एमजी रामचंद्रन (MGR), जयललिता (Jayalalithaa) और एम. करुणानिधि जैसे नेताओं ने सिनेमा और राजनीति के इस रिश्ते को मजबूत किया। ऐसे में विजय की एंट्री भी उसी परंपरा का नया अध्याय मानी जा रही है। हालांकि, विजय के पास अभी मजबूत संगठनात्मक ढांचा नहीं है, लेकिन उनकी लोकप्रियता उन्हें एक बड़ा राजनीतिक खिलाड़ी बना सकती है। अगर उनके समर्थक और युवा वोटर्स सक्रिय रूप से राजनीति में उतरते हैं, तो यह एनडीए के लिए बड़ा लाभ साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications