Bareilly: घर पर पीटा... मरा समझकर खेत में जिंदा ही जला दिया, पति बोला- 'कुंवारे लड़के से थे पत्नी के संबंध'
उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार को एक महिला की जिंदा जलाकर हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर बताया कि उसने पत्नी पर अवैध संबंध के शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
ये था मामला
बता दें कि पूरा मामला बरेली स्थित शाही थाने के गांव खेऊ की गौंटिया का है। यहां शनिवार रात 35 वर्षीय महिला भीमवती की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी तब हुई जब रविवार सुबह गांव के लोगों ने खेत में रखी पुआल में महिला की लाश जलती देखी। जिसके बाद सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजली लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, महिला के पति नेपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि पत्नी शनिवार रात बच्चों के साथ सोई थी। आधी रात जब उसकी नींद टूटी तो पत्नी घर में नहीं थी। उसने घर और आसपास तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। फिर परिजनों के साथ वो खोजबीन करने लगा। इसी बीच रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पुआल में महिला की लाश जलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि ये उसकी ही पत्नी है।

पत्नी पर अवैध संबंधों का शक
साथ ही नेपाल सिंह ने पत्नी पर तोहमत लगाई और बताया कि उसके गांव निवासी एक अविवाहित युवक से अवैध संबंध थे। नेपाल सिंह ने हत्या का आरोप पत्नी के कथित प्रेमी पर लगा दिया। वहीं पुलिस मौके पर मिले साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर जांच में जुट गई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि मृतक महिला शुक्रवार को अपने मायके दुनकी से भाई दूज करके आई थी। शनिवार रात में नेपाल सिंह और पत्नी भीमवती का झगड़ा हुआ था। गुस्से में उसने पत्नी को पीटा था। भीमवती का सिर दीवार में लगने से वह बेहोश हो गई थी। नेपाल सिंह ने समझा कि वह मर गई है। इसलिए वह उसे ठिकाने लगाने के लिए उठाकर गांव के बाहर ले गया।

जिंदा जलाया
भीमवती का शरीर भारी होने के कारण उसे खेतों में हाथ पकड़कर घसीटते हुए आगे ले गया। फिर शिवकुमार के खेत में रखी पुआल के ढेर पर लिटाकर उसमें आग लगाई और फिर घर आकर लेट गया। इतना ही नहीं बल्कि इसके बाद सुबह करीब 5 बजे वह फिर उठकर पुआल में लगी आग को देखने गया तो भीमवती का शव जल रहा था। उसे देखकर फिर घर आ गया।
उधर, जब सुबह 7:30 बजे पुआल में लगी आग और झुलसा शव देखकर ग्रामीण इखट्टे हुए और पुलिस को बुलाया गया तो नेपाल सिंह ने वहां पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से शव की पहचान पत्नी भीमवती के रूप में की। साथ ही नेपाल सिंह ने भीमवती से विवाद के बाद ही उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था ताकि उसकी लोकेशन की जगह न बदल जाए। जब शव की पहचान हो गई तो उसने अपना मोबाइल खोला।

बदनामी के डर से की हत्या
गिरफ़्तारी के बाद नेपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके एक कुंवारे युवक के साथ अवैध संबंध थे। उसने पत्नी को काफी समझाया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी। पत्नी अक्सर प्रेमी के पास चली जाती थी जिसकी वजह से उसकी गांव में बदनामी हो रही थी। इसी लिए उसने उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, पुलिस को अभी तक पत्नी के अवैध संबंधों से जुड़े कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
बेहद शातिर है नेपाल सिंह
बताया जा रहा है कि नेपाल सिंह पहले भी एक ग्रामीण मेघनाद की हत्या में वांछित रहा है। इसलिए वह पुलिस से बचने के लिए हर जतन कर रहा था। उसने ससुरालवालों को कॉल करके बुलाया पर पत्नी की हत्या हो जाने की बात छिपाई। पुलिस को उसने अपने भाई मूलचंद के साथ पत्नी को ढूंढने की बात बताई। मगर जब पुलिस ने मूलचंद को बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया नेपाल सिंह झूठ बोल रहा है।

अकेले नहीं कर सकता इतनी निर्ममता से हत्या
पुलिस के अनुसार, नेपाल सिंह को अपनी पत्नी की हत्या करने का कोई अफसोस नही था। वहीं भीमवती के भाई का आरोप है कि अकेला व्यक्ति किसी को इतनी बेरहमी से नहीं मार सकता। इसलिए घटना में नेपाल सिंह के परिजनों या किसी अन्य का भी हाथ रहा होगा। हालांकि, आरोपी नेपाल सिंह ने अकेले ही हत्या करने की बात कबूली है। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की विवेचना कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications