FIH प्रो लीग में भारत ने चटाई साउथ अफ्रीका को धूल, लगातार दूसरे मैच में एकतरफा जीता मैच

नई दिल्ली। एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 के सीजन का आगाज हो चुका है जिसकी मेजबानी साउथ अफ्रीका में की जा रही है। पहले मैच में फ्रांस को 5-0 से एकतरफा हराने के बाद भारतीय हॉकी टीम अपने दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पोचेफस्टॉर्म खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने एक बार फिर से अपना दबदबा दिखाया और जुगराज सिंह के गोलों की हैट्रिक के दम पर साउथ अफ्रीका को 10-2 से हराया। भारतीय टीम के नये खिलाड़ी जुगराज सिंह (4', 6', 23') ने इस हाई स्कोरिंग मैच में अपनी बेहतरीन ड्रैग फ्लिक की मदद से 3 गोल दागे। उनके इस प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया।
भारतीय टीम के लिये जुगराज सिंह के अलावा हरमनप्रीत सिंह (2'), अभिषेक (12'), गुरसाहिबजीत सिंह (24', 36'), दिलप्रीत सिंह (25', 58') और मनदीप सिंह (27') ने गोल दागने का काम किया। भारत के लिय मैच में पहला गोल टोक्यो ओलंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडेल जीतने वाले हरमनप्रीत सिंह ने दिलाया, जिन्होंने साउथ अफ्रीकी रशर कीनन होर्ने से गेंद छीनकर जबरदस्त फ्लिक लगाई और गेंद गोलकीपर एस्टियान क्रीक की पकड़ से दूर रह गई।
दूसरे ही मिनट में आये इस गोल ने भारतीय टीम की गति सुनिश्चित कर दी और उसने पहले क्वार्टर में 3 और गोल दाग दिये। भारत के लिये दूसरा और तीसरा गोल जुगराज सिंह की हॉकी स्टिक से आया जिन्होंने ड्रैगफ्लिक की अपनी बेहतरीन काबिलियत दिखायी। पहला गोल गोलकीपर के टॉप राइट पर आया तो दूसरे गोल में जरमनप्रीत सिंह ने उनकी मदद की। पहले क्वार्टर का चौथा गोल साउथ अफ्रीकी डिफेंडर्स की गलती से आया जहां पर अभिषेक ने गेंद को बीच में छीना और 12वें मिनट में एक बेहतरीन गोल दागकर भारत को 4-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों ने थोड़ी वापसी की और गेंद को अपने पास ज्यादा रखने में कामयाब रहे। होर्ने ने 22वें मिनट में एक बेहरीन शॉट लगाया जो कि गोल में तब्दील हो सकता था लेकिन भारतीय डिफेंस ने खाता खोलने नहीं दिया। हालांकि 23वें ही मिनट में भारत को अभिषेक की बदौलत एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे जुगराज सिंह ने गोल में तब्दील कर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली, तो वहीं 24वें मिनट में गुरसाहिबजीत ने गोल दाग दिया। 25वें मिनट में दिलप्रीत ने गोल दागा तो वहीं पर 27वें मिनट में मनदीप के गोल से भारत ने 8-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
हाफ टाइट के बाद भारत ने लगभग अजेय बढ़त हासिल कर ली और तीसरे क्वार्टर में लय से भटकती नजर आयी। शुरुआती कुछ मिनट खराब करने के बाद गुरसाहिबजीत ने 36वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा तो वहीं पर भारतीय डिफेंस थोड़ा खराब खेलता नजर आया। इसकी वजह से साउथ अफ्रीका को 3 पेनाल्टी कॉर्नर मिले। साउथ अफ्रीका ने लगातार दो मिनट में दो गोल दागकर थोड़ी वापसी की लेकिन इसने एक बार फिर से भारतीय टीम में जोश भर दिया। भारत ने तीसरे क्वार्टर के खत्म होने के बाद 9-2 की बढ़त हासिल की हुई थी लेकिन दिलप्रीत ने 58वें मिनट में एक और गोल दागकर स्कोर लाइन को 10-2 कर दिया।
आखिरी मिनटो में भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम उसे बचाने में कामयाब रही। अब भारतीय टीम को अपना अगला मैच फ्रांस के खिलाफ 12 फरवरी की रात 9:30 बजे से खेलना है जिसका प्रसारण स्टार स्पोर्टस सेलेक्ट 2 और हॉटस्टार पर भी किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications