ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक जीत में फैसले मैंने लिए, पर क्रेडिट कोई और ले गया- रहाणे ने किया हैरानी भरा खुलासा

नई दिल्ली। खेल की दुनिया में किसी खिलाड़ी की किस्मत कैसे बदलती है इसका अंदाजा अजिंक्य रहाणे की हालत से पता चलता है। एक साल पहले जनवरी 2021 में जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर दूसरी बार हराया था तब अजिंक्य रहाणे को एक हीरो की तरह सभी ने सराहा था। 36 रनों पर शर्मनाक तरीके से ऑल आउट होकर एडिलेड में हार का सामना करने वाली भारतीय टीम को सीरीज में वापस लाने का श्रेय अजिंक्य रहाणे को ही दिया जा रहा था, जिन्होंने मेलबर्न में शतक लगाकर टीम को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया और अपनी कप्तानी में पहली टीम की सीरीज में वापसी करायी और फिर गाबा का अभेद किला तोड़कर इतिहास रच दिया।
अजिंक्य रहाणे की इस ऐतिहासिक जीत के बाद लगातार मांग उठ रही थी कि उन्हें भारत की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया जाये, लेकिन महज एक साल के अंदर यह खिलाड़ी न सिर्फ टेस्ट टीम से अपनी उपकप्तानी का पद खो चुका है बल्कि टीम में अपनी जगह बनाने के लिये भी संघर्ष कर रहा है। मेलबर्न की उस शतकीय पारी के बाद रहाणे के बल्ले से अब तक एक भी शतक नहीं आया है, पहले वो इंग्लैंड दौरे पर असफल रहे, फिर घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दिलाने में नाकाम रहे और अब साउथ अफ्रीका में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें अगली सीरीज से बाहर रखने की बात की जा रही है।

फिर खड़े हुए कोहली-शास्त्री के मैनेजमेंट पर सवाल
उनकी बल्लेबाजी में लगातार संघर्ष देखने के बाद कोई भी यह कह सकता है कि वो खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, पर सच्चाई यह है कि उनकी फॉर्म खराब नहीं बल्कि वो कई मौकों पर अनलकी रहे हैं। इस बीच अजिंक्य रहाणे ने बैकस्टेज विद बोरिया शो में शिरकत की और अपने भविष्य को लेकर जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक जीत को लेकर एक विवादित बयान भी दिया है, जिससे उन खबरों को एक बार फिर से जोर मिलने लगा है, जिसमें दावा किया गया था कि टीम के कई सीनियर खिलाड़ी कोहली-शास्त्री के मैनेजमेंट से खुश नहीं है।
इंग्लैंड दौरे पर जब भारतीय टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची थी तब यह खबरें निकल कर आयी थी, जिनके अनुसार इन खबरों में यह कहा जा रहा था कि कोहली-शास्त्री के नेतृत्व वाला टीम मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ियों को वो सम्मान नहीं दे रहा जिसके वो हकदार हैं और इस वजह से कई खिलाड़ी उनसे नाराज चल रहे हैं। ऐसे में रहाणे के इस बयान से एक बार फिर विवाद खड़ा हो सकता है।

मेरी मेहनत पर किसी और को मिला क्रेडिट
अजिंक्य रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की ऐतिहासिक जीत पर बात करते हुए कहा कि मेरा मुख्य उद्देश्य टीम को सीरीज में जीत दिलाना था, मुझे कभी भी क्रेडिट लेना पसंद नहीं और यही उस वक्त भी हुआ। मुझे पता है कि मैंने उस दौरे पर क्या किया लेकिन क्रेडिट किसी और ने ले लिया। रहाणे ने कहा कि उनका पूरा ध्यान टीम को हार के सदमें से बाहर निकालकर जिताने पर था।
बैकस्टेज विद बोरिया में बात करते हुए रहाणे ने कहा,'मुझे पता है कि मैंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर क्या किया और यह मेरा नेचर नहीं है कि मैं बाहर जाउं और क्रेडिट लूं। हां, उस सीरीज में कुछ डिसीजन ऐसे थे जो मैंने लिये लेकिन किसी और ने उसका क्रेडिट ले लिया। मेरे लिये सबसे जरूरी था कि हम वहां पर सीरीज जीतें न कि क्रेडिट किसे मिला है इस पर ध्यान दें।'

अभी मुझमेंं काफी क्रिकेट है बाकी
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक जीत के बाद कोच रवि शास्त्री की स्पीच और विराट कोहली के नेतृत्व को जीत का श्रेय दिया गया जबकि रहाणे को वो सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वो हकदार थे। इस इंटरव्यू में आगे बात करते हुए रहाणे से जब उनके क्रिकेट करियर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी उनमें बहुत क्रिकेट बाकी है और उन्हें विश्वास है कि वो अपनी काबिलियत से जल्द वापसी करेंगे।
उन्होंने कहा,'जब लोग मुझे बताते हैं कि मेरा करियर खत्म हो गया है तो मैं बस मुस्कुराता हूं क्योंकि जो लोग खेल को जानते हैं वो ऐसी बातें नहीं करते हैं। जो लोग क्रिकेट को जानते हैं वो बखूबी समझते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में मेरा क्या योगदान रहा है और वो समझदारी भरी बातें ही करते हैं। मुझे अपनी काबिलियत पर विश्वास है, मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं और मुझे यकीन है कि मुझमें अभी अच्छा खासा क्रिकेट बचा हुआ है।'

पृथ्वी शॉ की कप्तानी में रणजी खेलते नजर आयेंगे रहाणे
गौरतलब है कि श्रीलंका के खिलाफ भारत को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये मेजबानी करनी है, जिसके लिये खबरें आ रही हैं कि चयनकर्ता अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को टीम से बाहर रखा जा सकता है। इसको देखते हुए दोनों खिलाड़ी रेड बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में वापसी करने को तैयार हैं। अजिंक्य रहाणे इस दौरान रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते नजर आयेंगे जिसकी कप्तानी पृथ्वी शॉ करते नजर आयेंगे। रहाणे ने इस पर साफ किया कि उन्हें शॉ की कप्तानी में खेलने से कोई आपत्ति नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications