Kashi Tamil Sangamam: उत्तर-दक्षिण के सांस्कृतिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल

भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न भाषाओं और परंपराओं के बावजूद देश की सांस्कृतिक आत्मा एक है। इसी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से काशी तमिल संगमम् एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल बनकर उभरा है। यह तमिलनाडु और काशी के सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और आध्यात्मिक संबंधों को पुनर्जीवित कर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को सशक्त बना रहा है।

काशी और तमिलनाडु का संबंध केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि ज्ञान, साहित्य, दर्शन और अध्यात्म की साझा परंपराओं से जुड़ा है। तमिलनाडु के अनेक लोग पीढ़ियों से काशी के हनुमान घाट और केदार घाट के आसपास निवास करते आए हैं।

Kashi Tamil Sangamam - Confluence of shared culture

धर्मपुरम अधीनम के स्वामी कुमारगुरुपर ने केदार घाट पर केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कराया था। यहां स्थित लगभग 200 वर्ष पुराना कुमारस्वामी मठ और मार्कंडेय आश्रम भी इस संबंध की ऐतिहासिक विरासत हैं। तमिलनाडु का तेनकासी नगर 'दक्षिण की काशी' कहलाता है, जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में महाकवि सुब्रमण्यम भारती के नाम पर पीठ स्थापित है।


सांस्कृतिक संबंधों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल

काशी तमिल संगमम् की शुरुआत वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान हुई। इसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी की ज्ञान परंपराओं को करीब लाना, साझा विरासत की समझ विकसित करना और दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच आत्मीयता बढ़ाना है। अब तक आयोजित चार संस्करणों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कलाकारों, विद्वानों और आध्यात्मिक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर एक-दूसरे की परंपराओं को जाना। मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के साथ संगोष्ठियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनियों के माध्यम से संवाद को बढ़ावा दिया गया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने काशी तमिल संगमम् को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को गहरा करने वाला जीवंत कार्यक्रम बताया है। वास्तव में, यह आयोजन उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ते हुए नई पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता और साझा सभ्यतागत चेतना का भाव विकसित कर रहा है।

काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक 'तिरुक्कुरल पयिलोम - तिरुक्कुरल अभ्यास करें' थीम पर होगा। इस बार आयोजन का केंद्र तमिल साहित्य के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक, सामाजिक और जीवन-दर्शन से जुड़ी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। संत तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में 1,330 दोहे हैं, जो अरम (सदाचार), पोरुल (धन एवं सामाजिक जीवन) और इनबम (प्रेम) के तीन भागों में विभाजित हैं। सत्य, नैतिकता, न्याय, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे सार्वभौमिक मूल्यों से समृद्ध यह ग्रंथ आज भी जीवन को दिशा देने में प्रासंगिक है।
केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (CICT), चेन्नई ने तिरुक्कुरल का संविधान की आठवीं अनुसूची की 22 भाषाओं सहित कुल 25 भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया है। विदेशी भाषाओं और ब्रेल में भी इसकी उपलब्धता इस ग्रंथ की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है।

विद्यार्थियों के लिए विशेष पहल

काशी तमिल संगमम् 5.0 के तहत देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहभागिता कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रत्येक संस्थान से योग्यता के आधार पर एक विद्यार्थी का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को बहुभाषी ऑनलाइन अध्ययन, एक महीने के शोध एवं शैक्षणिक कार्यक्रम और तिरुक्कुरल पर लेख अथवा शोध आलेख तैयार करने का अवसर मिलेगा।
निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ₹10,000 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपने संस्थान में तिरुक्कुरल पर प्रस्तुतीकरण देने का अवसर मिलेगा, जिससे साहित्य, शोध और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि विकसित होगी।

उत्तर प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में तिरुक्कुरल

इस आयोजन के दौरान तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों का दौरा करेंगे। तमिल साहित्य के विशेषज्ञ परिचयात्मक पाठ, संवाद, प्रश्नोत्तरी और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से जोड़ेंगे। यह पहल भाषाई विविधता के बीच सांस्कृतिक समझ और संवाद को मजबूत करने का प्रयास है। तमिलनाडु के शिक्षक उत्तर भारत के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, वहीं विद्यार्थियों को तमिल साहित्य और उसकी जीवन-दृष्टि को समझने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा और संस्कृति का साझा मंच

काशी तमिल संगमम् का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आईआईटी मद्रास, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किया जाता है। संस्कृति, रेलवे, पर्यटन, वस्त्र सहित विभिन्न मंत्रालय और विभाग भी इसमें भागीदारी निभाते हैं।

साझा विरासत से मजबूत राष्ट्रीय एकता

काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों को आधुनिक शिक्षा और संवाद के माध्यम से नई ऊर्जा देना काशी तमिल संगमम् का प्रमुख उद्देश्य है। तिरुक्कुरल के सार्वभौमिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की यह पहल भारत की भाषाई विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि और साझा विरासत को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
काशी तमिल संगमम् संदेश देता है कि भारत की एकता उसकी विविधता में निहित है और साझा सांस्कृतिक विरासत को समझना तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना राष्ट्रीय एकात्मता का सशक्त आधार है।

डिजिटल माध्यम से तिरुक्कुरल का प्रसार

काशी तमिल संगमम् 5.0 में तकनीक के माध्यम से तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को देशभर में पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (CICT) का बहुभाषी ऐप 1,330 दोहों को 22 अनुसूचित भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराता है। चयनित दोहों पर एनिमेटेड वीडियो, फिल्में और ऑडियोबुक भी तैयार की जाएंगी।

भारतीय रेलवे, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और टोल प्लाजा पर सूचना प्रणाली तथा संकेतक बोर्डों के जरिए तिरुक्कुरल के दोहे और अनुवाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे साहित्य और नैतिक विचारों को सार्वजनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास होगा।

1,400 प्रतिनिधियों की सांस्कृतिक यात्रा

काशी तमिल संगमम् 5.0 में तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात समूहों में भाग लेंगे। प्रत्येक समूह की आठ दिवसीय यात्रा में चार दिन यात्रा और चार दिन भ्रमण एवं कार्यक्रम होंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया कर्मी, कृषक, पेशेवर, शिल्पकार, महिलाएं और आध्यात्मिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।

प्रतिनिधि काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, बीएचयू, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। गंगा आरती, गंगा स्नान, शैक्षणिक संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर के दर्शन भी यात्रा का हिस्सा होंगे।

तमिल विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण

प्रतिनिधियों को महाकवि सुब्रमण्यम भारती के पैतृक घर, केदार घाट और काशी मठ जैसे तमिल विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। बीएचयू के तमिल विभाग में शैक्षणिक संवाद भी आयोजित होंगे, जिससे काशी में तमिल संस्कृति की ऐतिहासिक उपस्थिति को समझने का अवसर मिलेगा।

पिछले चार संस्करणों की उपलब्धियां

  • पहला संस्करण (2022): 12 क्षेत्रों के 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण किया। प्रदर्शनी में हथकरघा, हस्तशिल्प, पुस्तकें, व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
  • दूसरा संस्करण (2023): 17 से 30 दिसंबर तक नमो घाट पर आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री के भाषण का तमिल में ऐप आधारित वास्तविक समय अनुवाद उपलब्ध कराया गया। साहित्य, दर्शन, अध्यात्म, योग और आयुर्वेद पर संवाद हुए।
  • तीसरा संस्करण (2025): 15 से 24 फरवरी तक महर्षि अगस्त्य की विरासत पर केंद्रित आयोजन हुआ। लगभग 1,000 प्रतिनिधियों और 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। 869 से अधिक कलाकारों तथा 190 स्थानीय लोक एवं शास्त्रीय समूहों की प्रस्तुतियां हुईं और लगभग दो लाख लोगों की सहभागिता रही।
  • चौथा संस्करण (2025): 2 से 15 दिसंबर तक 'तमिल करकलाम - आइए तमिल सीखें' थीम पर आयोजन हुआ। 50 तमिल शिक्षकों ने वाराणसी के 50 विद्यालयों में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों को तमिल भाषा से परिचित कराया। 300 महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए तमिलनाडु में भाषा सीखने की पहल, सात विशेष रेलगाड़ियां और तोल्काप्पियम के बहुभाषी अनुवाद भी प्रमुख उपलब्धियां रहे।


साझा सभ्यतागत विरासत का उत्सव

काशी तमिल संगमम् भाषा, साहित्य, ज्ञान और संस्कृति के माध्यम से भारत की साझा सभ्यतागत विरासत को मजबूत करने का मंच है। पांचवें संस्करण में तिरुक्कुरल को केंद्र में रखकर इस संवाद को युवाओं, शिक्षण संस्थानों और व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह आयोजन केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि विविध भाषाओं, परंपराओं और ज्ञान प्रणालियों के बीच आपसी सम्मान, समझ और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की पहल है।

(लेखक धर्माधिकारी, सेवागढ़, आन्ध्रप्रदेश हैं, आलेख में व्यक्त विचार उनके निजी हैं।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+