UP Election 2027: MP इमरान पर बरसीं इक़रा हसन! साथ न देते तो राहुल न होते LoP, कांग्रेस निभाए यूपी में फर्ज़
UP Election 2027: जो हारकर जीत जाए उसे बाज़ीगर कहते हैं और जो बनकर बिखर जाए उसे 'इंडिया' गठबंधन कहते हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तल्खियां अब खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के 131 सीटों के दावे और सपा की ओर से 26 सीटों की पेशकश के बाद शुरू हुई बयानबाजी पर अब कैराना से सपा सांसद इक़रा हसन ने बेहद तीखा पलटवार किया है।
शामली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए इक़रा हसन ने सीधे सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को निशाने पर लिया। इक़रा ने न केवल मसूद को अपना अहंकार और जिद छोड़ने की नसीहत दी, बल्कि कांग्रेस को केंद्र की राजनीति में सपा के समर्थन की याद भी दिलाई।

केंद्र में हर लड़ाई में साथ खड़े रहे, अब यूपी में भी वैसी ही उम्मीद
कांग्रेस नेतृत्व को सीधा संदेश देते हुए सपा सांसद ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की हर लड़ाई में समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है। MP इक़रा हसन ने कहा, "चाहे बात नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने की ही क्यों न रही हो; अगर हमने उनका समर्थन न किया होता, तो शायद आज वह भी न हो पाता। हम उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए भी उनसे उसी तरह की प्रतिबद्धता और तालमेल की उम्मीद करते हैं।"
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था, जिसमें सपा ने 62 में से 37 सीटें और कांग्रेस ने 17 में से 6 सीटें जीती थीं। यूपी के इस प्रदर्शन ने ही राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और विपक्ष को नई ऊर्जा दी थी।
इमरान मसूद पर सीधा वार: "गठबंधन से बड़ा नहीं निजी अहंकार"
पश्चिमी यूपी के दो पड़ोसी संसदीय क्षेत्रों - कैराना और सहारनपुर के सांसदों के बीच यह टकराव अब निजी राजनीतिक समीकरणों तक पहुंच गया है। इमरान मसूद की नाराजगी पर इक़रा हसन ने कहा, "मुझे सांसद इमरान मसूद की बात समझ नहीं आती। अगर मेरे लोकसभा क्षेत्र की कोई सीट गठबंधन में चली जाती है, तो जाहिर है कि मेरे राजनीतिक समीकरण बिगड़ेंगे और मुझे दुख होगा। लेकिन क्या मेरा दुख गठबंधन से बड़ा है? क्या मेरी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और मेरा अहंकार गठबंधन से बड़ा हो सकता है?"
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जो जनता भाजपा की नफरत की राजनीति से प्रताड़ित और परेशान है, उसे निजात दिलाने के लिए अपना अहंकार, दुख और जिद छोड़नी होगी। इक़रा ने साफ किया कि यदि किसी सीट पर तर्कपूर्ण दावा हो, खासकर जहां उनके मौजूदा विधायक हों, तो बात अलग है, लेकिन जबरदस्ती और जिद से गठबंधन नहीं चलता।
131 Vs Special 26 - सपा और कांग्रेस में आखिर क्यों भड़का विवाद?
सपा और कांग्रेस के बीच मौजूदा घमासान की जड़ में सीटों की संख्या और उम्मीदवारों की घोषणा है। कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 131 सीटों की सूची सपा को सौंपी थी। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने तीन अंकों (100+) से कम सीटें मंजूर न होने के संकेत दिए हैं, जबकि इमरान मसूद ने सम्मानजनक गठबंधन के लिए 105 सीटों की बात कही थी।
दूसरी तरफ, सपा नेता राम गोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने का दावा किया। इसके साथ ही सपा ने अपने मौजूदा विधायकों वाली पांच सीटों (जिनमें बुंदेलखंड की ललितपुर सीट से ज्योति लोधी शामिल हैं) पर उम्मीदवार घोषित कर दिए।
सपा के इस कदम पर भड़कते हुए इमरान मसूद ने कहा था, "क्या हम उनके दरवाजे पर भिखारी हैं जो सूची दें? हम किसी से भीख नहीं मांग रहे।" उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सपा तय करे कि वह भाजपा से लड़ना चाहती है या कांग्रेस से।
इस पर इक़रा हसन ने साफ कहा कि न कोई भीख दी गई है और न मांगी गई है। डायलॉगबाजी से काम नहीं चलेगा। उन्होंने तर्क दिया कि सपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधायकों वाली सीटों (जैसे रामपुर खास और फरेंदा) को बिना किसी आपत्ति के छोड़ा है, इसलिए सपा की मौजूदा विधायकों वाली सीटों पर भी कोई समझौता नहीं होगा।
कौन हैं इक़रा हसन, क्यों रहती है चर्चा में?
कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इक़रा हसन (इक़रा चौधरी) का जन्म 26 अगस्त 1994 को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना में हुआ था। वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक प्रमुख सियासी खानदान से ताल्लुक रखती हैं। उनके दादा अख्तर हसन, पिता स्वर्गीय चौधरी मुनव्वर हसन और मां तबस्सुम हसन कैराना से सांसद रह चुके हैं, जबकि उनके बड़े भाई नाहिद हसन कैराना विधानसभा सीट से लगातार तीन बार सपा के टिकट पर लखनऊ विधानसभा पहुंच चुके हैं।
इक़रा हसन अपनी उच्च शिक्षा को लेकर भी खासी चर्चा में रही हैं। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन और दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी (LLB) की पढ़ाई करने के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स एंड लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन किया।
साल 2016 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुकी इक़रा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जेल में बंद अपने भाई नाहिद हसन के चुनाव प्रचार की पूरी कमान संभाली और भाई को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें कैराना से मैदान में उतारा, जहां उन्होंने भाजपा के प्रदीप कुमार चौधरी को 69,116 वोटों के अंतर से हराकर 18वीं लोकसभा की सबसे युवा महिला सांसदों में अपनी जगह बनाई।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और इक़रा हसन में क्यों है 36 का आंकड़ा?
कैराना से सपा सांसद इक़रा हसन और सहारनपुर से कांग्रेस एमपी इमरान मसूद के बीच वैसे कोई जाती लड़ाई नहीं है। लेकिन यह मामला पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में राजनीतिक और भौगोलिक वर्चस्व के साथ-साथ अल्पसंख्यक वोटों पर एकाधिकार का है। भले ही 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों INDIA गठबंधन के साझेदार के तौर पर जीते हों, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही दोनों के हित सीधे टकरा रहे हैं।
दरअसल, कैराना लोकसभा क्षेत्र में शामली की तीन विधानसभा सीटों (कैराना, शामली, थानाभवन) के साथ-साथ सहारनपुर जिले की दो विधानसभा सीटें नकुड़ और गंगोह भी शामिल हैं। इस कारण सहारनपुर की राजनीति में इमरान मसूद और इक़रा हसन के प्रभाव क्षेत्र एक-दूसरे से सीधे जुड़ते हैं।
दिलचस्प यह है कि दोनों पार्टियों ने पश्चिमी यूपी में अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए इन्हें एक-दूसरे के सामने खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने सहारनपुर और शामली क्षेत्र में दबाव बनाने के लिए इमरान मसूद को अपनी सीट शेयरिंग कमेटी में रखा, तो जवाब में सपा ने अपने पारंपरिक वोट बैंक और सीटों को सुरक्षित रखने के लिए इक़रा हसन को अपनी समिति में जगह दी।
इससे पहले, सितंबर 2026 में भी जब इमरान मसूद ने सीट बंटवारे पर देरी को लेकर कांग्रेस के अकेले लड़ने की चेतावनी दी थी, तब सपा नेतृत्व ने इक़रा हसन को ही फ्रंटफुट पर उतारकर जवाब दिलवाया था। साफ है कि पश्चिमी यूपी के मुस्लिम और क्षेत्रीय वोट बैंक पर अपनी-अपनी पार्टी का दबदबा साबित करने के लिए ये दोनों पड़ोसी सांसद अब सीधी राजनीतिक जंग के केंद्र में आ गए हैं।
हालिया विवाद की सबसे बड़ी वजह सपा की पहली 5 उम्मीदवारों की सूची बनी। इसमें सपा ने कैराना से इक़रा के भाई नाहिद हसन के अलावा सहारनपुर में इमरान मसूद के पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और मौजूदा विधायक आशु मलिक तथा बेहट से उमर अली खान को फिर से टिकट दे दिया। इमरान मसूद सहारनपुर की इन दोनों सीटों पर नजर लगाए हुए थे।
क्या 2027 से पहले डगमगा रहा है INDIA गठबंधन?
बहरहाल, भले ही यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में जारी रहने की बात कही हो और अखिलेश यादव ने सीटों की संख्या के बजाय 'जीतने वाले समीकरण' पर ध्यान देने की अपील की हो, लेकिन जमीन पर दोनों दलों के नेताओं के बीच तल्खी साफ दिख रही है। इक़रा हसन के ताजा बयान ने गेंद अब कांग्रेस के पाले में डाल दी है। अब देखना यह है कि क्या कांग्रेस 2024 के प्रदर्शन और सपा के 'बड़े भाई' वाले तर्क को स्वीकार कर 2027 में समझौते का रास्ता निकालेगी, या यह रस्साकशी गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़ा करेगी।


Click it and Unblock the Notifications
