IPL 2023: गुजरात की गेंदबाजी सबसे मजबूत, फिर उठाएगी ट्रॉफी ?
पिछले सीजन की तरफ इस बार भी गुजरात ने धमाका करते हुए सबसे पहले प्लेऑफ़ में स्थान बना लिया है। यह टीम जीत की प्रबल दावेदार है।

IPL 2023 : क्या गुजरात टाइटंस की टीम आइपीएल 2023 की ट्रॉफी भी अपने नाम कर लेगी ? सोमवार तक प्रतियोगिता के 62 मैच हो चुके हैं। अभी तक के नतीजों से यह बात साफ हो गयी है कि दस टीमों में से गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी सबसे मजबूत है। गुजरात के बल्लेबाज भी अपन गेंदबाजों के साथ कदमताल कर रहे हैं। इस टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अद्भुत संतुलन है। इसलिए वह 13 में 9 मैच जीत कर नम्बर एक पायदान पर है। इस बार पर्पल कैप की होड़ गुजरात के ही दो गेंदबाजों के बीच चल रही है। मोहम्मद शमी और राशिद खान 23-23 विकेट लेकर पहले और दूसरे स्थान पर काबिज हैं। यहां तक कि जिस गेंदबाज का कारियर खत्म माना जा रहा था वह भी गुजरात से जुड़ने के बाद हैरतअंगेज प्रदर्शन कर रहा है। मोहित शर्मा ने गुजरात के लिए 10 मैच खेले हैं और 17 विकेट लिये हैं। अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद भी गुजरात के लिए मैच जिताऊ गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 11 विकेट लिये हैं। जब किसी टीम के चार गेंदबाज 'विकेट टेकर’ बन जाएं तब उसके जीतने की संभावना सबसे प्रबल होती है।
IPL 2023: इन अनकैप्ड खिलाड़ियों ने उड़ाई गेंदबाजों की बखिया, जल्दी ही भारतीय टीम में आ सकते हैं
कोई न कोई संभाल ही लेता है मोर्चा
15 मई को गुजरात बनाम हैदराबाद के मैच में मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने 4-4 विकेट लिये। 1 विकेट यश दयाल ने लिया। यानी सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिये। इस मैच में राशिद खान और नूर अहमद को कोई विकेट नहीं मिला। गुजरात की यही खूबी उसे बाकी टीमों से अलग कर देती है। यह टीम किसी एक दो खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। एक नाकाम होता है तो दूसरा आगे बढ़ कर मोर्चा संभाल लेता है। यहां राशिद नहीं चले तो शमी और मोहित ने टीम के लिए किला फतह कर लिया। कभी शमी असफल होते हैं तो राशिद खान टीम की पतवार थाम लेते हैं। जैसा की मुम्बई के खिलाफ मैच में हुआ था।
शमी को पावर प्ले में सबसे अधिक 14 विकेट
मोहम्मद शमी आइपीएल-2023 के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज के रूप में उभरे हैं पावर प्ले हो या डेथ ओवर, वे समान अधिकार से गेंदबाजी कर रहे हैं। इस साल शमी पावर प्ले में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अभी तक 13 मैचों में पावर प्ले के दौरान 14 विकेट लिये हैं। गुजरात के लिए शमी के साथ साथ मोहित शर्मा भी असरदार तेज गेंदबाजी कर रहे हैं। दोनों ने दो बार 4-4 विकेट लिये हैं। पिछले साल भी मोहम्मद शमी ने शानदार बॉलिंग की थी और 20 विकेट लिये थे। तब गुजरात ने ट्रॉफी उठायी थी। इस साल वे पहले से भी ज्यादा अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। उनकी रफ्तार, लाइन और लेंथ इतनी सटिक है कि या तो बल्लेबाज उनकी गेंदों पर रन नहीं बना पाते या फिर रन बनाने के कोशिश में विकेट गंवा बैठते हैं। शमी ने मोहित शर्मा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, उनके आने से हमारी मिडिल ओवर की बॉलिंग भी काफी अच्छी हो गयी है। इसकी वजह से हम डेथ ओवरों में कम दबाव महसूस करते हैं।
मोहित शर्मा को 10 मैचों में 17 विकेट
गुजरात के गेंदबाज मोहित शर्मा की कहानी किसी फिल्मी पटकथा की तरह है। उत्थान, पतन और फिर उत्थान। मोहित शर्मा (हरियाणा) 2012-13 के रणजी सीजन में पांचवें सबसे सफल गेंदबाज थे। फिर 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें खरीदा था। पहले ही आइपीएल सीजन में 20 विकेट लेकर उन्होंने तहलका मचा दिया था। इस प्रदर्शन के कारण उनका भारतीय टीम में चयन हो गया। फिर 2014 में चेन्नई की तरफ से खेलते हुए सबसे अधिक 23 विकेट लिये और पर्पल कैप जीता। उन्होंने 2013 से 2015 के बीच भारत के लिए 26 वनडे और 8 टी-20 मैच खेले और कुल 37 विकेट लिये। वे 2014 के टी-20 विश्वकप और 2015 के वनडे विश्वकप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। लेकिन 2017 के बाद चोट की वजह से उनका करियर खतरे में पड़ गया। प्रदर्शन भी खराब रहने लगा।
इस खिलाड़ी का कोई जवाब नहीं
इंजरी और खराब प्रदर्शन के कारण मोहित शर्मा न केवल भारतीय टीम से बल्कि आइपीएल की टीम से भी बाहर हो गये। 2021 और 2022 में उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा। उनका करियर खत्म मान लिया गया। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। रास्ता बहुत कठिन था। इसलिए वे छोटे-मोटे मौके भी तलाशने लगे ताकि खुद को साबित कर सकें। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद भी उन्होंने जीरो से दोबारा शुरुआत की। 2022 में उन्होंने नेट बॉलर बनना भी कबूल कर लिया। 2022 में गुजरात ने मोहित शर्मा को नेट बॉलर के रूप में अपने साथ जोड़ा। जो खिलाड़ी भारत के लिए दो विश्वकप खेल चुका हो और आइपीएल में पर्पल कैप जीत चुका हो उसका नेट बॉलर बनना प्रतिष्ठा के अनुकूल नहीं था। फिर भी मोहित ने खुद को साबित करने के लिए इस कड़वे घूंट को पी लिया। फिर तो उनकी किस्मत बदल गयी। मोहित ने नेट पर अपनी तेज गेंदबाजी का ऐसा नमूना पेश किया कि गुजरात टीम प्रबंधन भौंचक्का रह गया। फिर इस साल गुजरात ने मोहित को अपनी टीम से जोड़ लिया। अब 34 साल के मोहित शर्मा गुजरात के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज बन चुके हैं। खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने और उनसे सौ फीसदी प्रदर्शन कराने में भी गुजरात अन्य टीमों से आगे है।












Click it and Unblock the Notifications