'3 साल की उम्र में जो ठान लिया था, वो पूरा किया' बेटे की सफलता देख गर्व से चौड़ा हुआ पिता अनिल कुंबले का सीना
Anil Kumble Emotional Post Viral: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले के परिवार के लिए बेहद गर्व और खुशी का पल आया है। अनिल कुंबले और उनकी पत्नी चेतना के बेटे मयस कुंबले ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल कर ली है। इस खास और भावुक कर देने वाले मौके पर अनिल कुंबले और चेतना ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे के बचपन के संकल्प को याद करते हुए दिल छू लेने वाले मैसेज शेयर किए हैं।
3 साल की उम्र में देखा था सपना, खिलौना चाबी लेकर किया था वादा (Anil Kumble Emotional Post Viral)
मयस की इस सफलता पर उनकी मां चेतना कुंबले ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने मयस के बचपन के उन पलों को शेयर किया जब उनके सपनों की शुरुआत हुई थी। चेतना ने लिखा कि जब वह महज 3 साल का था, तब से ही उसके मन में इस बात को लेकर कोई संशय नहीं था कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहता है। वह बचपन में पूरे आत्मविश्वास के साथ कहता था कि मैं इंजीनियर बनूंगा।

बेटे ने निभाया अपना वादा
उन्होंने आगे लिखा कि वह अपने नन्हे हाथों में एक छोटी सी चाबी (स्पैनर) उठा लेता था और भरोसे के साथ कहता था कि एक दिन वह नया स्कूटर बनाएगा। जब वह 7 साल का हुआ, तो उसके सपने और बड़े हो गए और वह कारों को डिजाइन करने की बात करने लगा, जिन्हें वह MAK नाम देना चाहता था। उन्होंने लिखा कि माता-पिता के तौर पर हम बचपन के इन सपनों पर मुस्कुराते थे, लेकिन आज उसे इंजीनियर के रूप में ग्रेजुएट होते देख मुझे अहसास हुआ कि बच्चे कभी-कभी दुनिया से पहले ही जान जाते हैं कि उन्हें क्या बनना है। रातों की नींद हराम करने और कड़ी मेहनत के बाद आज उस छोटे लड़के ने अपना वादा पूरा कर दिया।
पिता के नक्शेकदम पर बेटा, कुंबले ने कहा - गर्व है
क्रिकेट इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा 957 अंतरराष्ट्रीय विकेट चटकाने वाले महान गेंदबाज अनिल कुंबले खुद भी एक क्वालिफाइड इंजीनियर हैं। यही वजह है कि बेटे का इंजीनियर बनना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद खास है। कुंबले ने सोशल मीडिया पर पत्नी और बेटे के साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर करते हुए मयस के लिए एक छोटा लेकिन बेहद प्रभावी मैसेज लिखा। उन्होंने लिखा कि मुझे तुम पर गर्व है, मेरे बेटे! तुम अपने पिता के पदचिह्नों (नक्शेकदम) पर चल रहे हो। बहुत-बहुत बधाई। अब अपनी राह खुद बनाओ।
















Click it and Unblock the Notifications