Bullet Train: कैसी दिखेगी देश की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन? रेलवे ने जारी की तस्वीर, ये कब होगी शुरू
Bullet Train: भारतीय रेलवे जल्द बुलेट ट्रेन की शुरूआत करने वाली है। सोमवार को रेलवे विभाग ने देश की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन की तस्वीर जारी कर दी है। रेल मंत्रालय के गेट नंबर 4 पर इसके मॉडल को प्रदर्शित किया गया है जो सबका ध्यान खींच रहा है।
320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन
यह तस्वीर मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) परियोजना का मॉडल है। 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी, जिससे मुंबई-अहमदाबाद यात्रा मात्र 2 घंटे में पूरी होगी, जो वर्तमान में 6-8 घंटे लेती है। जापान तकनीकी व वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है।

कौन से होंगे 12 स्टेशन?
मुंबई-अहमदाबाद के बीच बने इस कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनेंगे मुंबई, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती। यह बुलेट ट्रेन भूकंप प्रतिरोधी डिज़ाइन, अत्याधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम जैसी विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगी, जो सुरक्षित व आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करेगी।

रेल मंत्री ने शेयर की फोटो
हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने इसे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक अहम पहल बताया। मंत्री ने सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद में पुलों, वियाडक्ट्स तथा स्टेशन निर्माण की तेज रफ्तार की सराहना की। सक्रिय रेलवे ट्रैक पर भारी पोर्टल बीम्स भी सफलतापूर्वक स्थापित किए गए हैं। मंत्रालय ने ये फोटा शेयर की है उसे सोशल मीडिया पर युवा इसे "न्यू इंडिया" का प्रतीक मान रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट की औपचारिक शुरुआत 2017 में अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने की थी।
कब तक शुरू हो जाएगी बुलेट ट्रेन
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य था, पर कोविड महामारी व चुनौतियों से समय-सीमा बढ़ी। अब इसके 2027-28 तक चालू होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) इसे क्रियान्वित कर रही है। कंपनी अनुसार, टनल, ब्रिज, ट्रैक कार्य के साथ मुंबई में भूमिगत स्टेशन व समुद्र के नीचे सुरंग निर्माण भी प्रगति पर है।












Click it and Unblock the Notifications