IND vs SL : जडेजा लगा सकते थे दोहरा शतक, फैंस ने रोहित पर यूं निकाला गुस्सा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच चल रहे पहले टेस्ट का पहला दिन जहां ऋषभ पंत का था, वहीं दूसरे दिन रवींद्र जडेजा ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हार्ड-हिटिंग ऑलराउंडर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर था क्योंकि उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट खेले। जडेजा का खेल ऐसा था जैसे मानो की वह वनडे मैच खेल रहे हों। नतीजतन, 33 वर्षीय जडेजा अपने दूसरे टेस्ट शतक के लिए आगे बढ़े और यहां तक कि वह पहले दोहरे शतक के लिए भी पूरी तरह तैयार दिखे। हालांकि, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पारी की घोषणा कर दी, जिस कारण जडेजा दोहरा शतक नहीं बना सके। जडेजा 175 पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- शेन वाॅर्न की माैत पर आया थाई पुलिस का बयान, अब ऐसे होगी आगे की जांच

फैंस ने रोहित को सुनाई बातें
जडेजा आसानी से दोहरा शतक पूरा कर सकते थे, लेकिन रोहित ने पारी घोषित कर दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने रोहित पर निशाना साधना शुरू कर दिया। कई लोगों ने फैसले को सही समझा, तो कईयों का मानना रहा कि जडेजा को दोहरा शतक बनाने का मौका दिया जाना चाहिए था। जडेजा शतक पूरा करने के बाद तेजी से रन बटोर रहे थे। अगर जडेजा दोहरा शतक बना देते तो वह दोहरा शतक बनाने और टेस्ट में 200 से अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय और सातवें ऑलराउंडर बन जाते।
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन का नजरिया अलग था और जडेजा को नाबाद 175 रन पर वापसी करनी पड़ी। इस पारी के साथ जडेजा ने खास रिकाॅर्ड भी अपने नाम कर लिया। जडेजा भारत की ओर से 7वें स्थान पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
खास रहा मैच
इस बीच, यह मैच बहुत महत्व रखता है क्योंकि यह टेस्ट मैचों में विराट कोहली की 100वीं उपस्थिति का प्रतीक है। यह मैच बताैर कप्तान रोहित शर्मा का पहला मैच भी रहा। जडेजा के अलावा, ऋषभ पंत ने धमाकेदार 96 रन बनाए, जबकि हनुमा विहारी और रविचंद्रन अश्विन ने भी अर्धशतक जमाए। भारत ने पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 574 रनों पर घोषित की।












Click it and Unblock the Notifications