प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी ने खींचा IPL फ्रैंचाइजियों का ध्यान, मेगा नीलामी में मिल सकता है बड़ा करार

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच अहमदाबाद के मैदान पर खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के दम पर 44 रनों की जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से न सिर्फ टीम को जीत दिलायी बल्कि आने वाले विश्वकप के लिये भुवनेश्वर कुमार की वापसी के रास्ते भी बंद कर दिये हैं। ऐसे में अगर भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टीम में वापसी करनी है तो घरेलू क्रिकेट में बेहद शानदार प्रदर्शन करना होगा, जो कि प्रसिद्ध कृष्णा की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए थोड़ा मुश्किल लग रहा है। कृष्णा ने पिछले 3 मैचों में 9 विकेट चटकाये हैं और पावरप्ले में भारतीय टीम के विकेट हासिल न कर पाने की दिक्कत को भी दूर किया है।
और पढ़ें: रोहित की इस चाल से खुश नहीं हैं गावस्कर, बताया किस खिलाड़ी को मिस कर रही है भारतीय टीम
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गये दूसरे वनडे मैच में प्रसिद्ध कृष्णा ने 9 ओवर के स्पेल में 3 ओवर मेडेन फेंके और सिर्फ 12 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। उनकी इस गेंदबाजी के दम पर जहां भारतीय टीम को सीरीज में अजेय बढ़त हासिल हुई है तो वहीं पर इस हफ्ते के अंत में बेंगलुरू में होने वाली आईपीएल की मेगा नीलामी से पहले सभी फ्रैंचाइजियों की नजरें भी उन पर जम गई हैं।

आईपीएल मेगा ऑक्शन में मिल सकता है बड़ा करार
प्रसिद्ध कृष्णा के पास लंबा कद है जो उनके हाई आर्म एक्शन से फेंकी हुई गेंदों को और भी घातक बनाता है। उनके 140 से ज्यादा की गति के साथ गेंद फेंककर उसे बाउंस और सीम कराने का टैलेंट है, जो कि उन्हें जवागल श्रीनाथ जैसे दिग्गज गेंदबाजों की लिस्ट में शुमार करता है। कृष्णा ने अपने स्पेल के दौरान न सिर्फ विकेट चटकाये बल्कि काफी किफायती भी साबित हुए और ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन, डैरेन ब्रावो और केमार रोच जैसे खिलाड़ियों को विकेट लेकर वेस्टइंडीज को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया।
प्रसिद्ध कृष्णा का यह प्रदर्शन आईपीएल 2022 में हिस्सा लेने वाली आईपीएल फ्रैंचाइजियां भी देख रही होंगी, जो कि उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की ओर देख सकती हैं। प्रसिद्ध कृष्णा कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से पिछले कई सीजन में खेलते नजर आये थे और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद इस सीजन की नीलामी से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया। हालांकि जिस तरह से उनकी मौजूदा फॉर्म है उसे देखते हुए उन्हें बड़ा करार मिल सकता है।

सबसे किफायती गेंदबाजों की लिस्ट में शुमार हुए कृष्णा
प्रसिद्ध कृष्णा इस प्रदर्शन के साथ ही भारत के लिये सबसे ज्यादा किफायती रहकर 4 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शुमार हो गये हैं और तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। इस फेहरिस्त में स्टुअर्ट बिन्नी टॉप पर हैं, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2014 में 4 रन देकर 6 विकेट हासिल किये थे। वहीं पर भुवनेश्वर कुमार ने 2013 में पोर्ट ऑफ स्पेन के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 8 रन देकर 4 विकेट चटकाये थे।
कृष्णा के पास नई और पुरानी गेंद से शानदार बॉलिंग करने की काबिलियत है जिसकी वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल किया, उस पर उनकी किफायती गेंदबाजी मेगा ऑक्शन के दौरान बिड वॉर छेड़ सकती है। आईपीएल में टीमें विकेट निकालने की काबिलियत के साथ-साथ ही किफायती गेंदबाज की भी तलाश में रहती हैं, ऐसे में वनडे क्रिकेट में 4 विकेट हॉल लेने वाले तीसरा सबसे किफायती गेंदबाज बनने पर कई टीमें उन पर दांव लगा सकती हैं।

रोहित शर्मा भी हुए कृष्णा की बॉलिंग के मुरीद
अपने प्रदर्शन के दम पर प्रसिद्ध कृष्णा ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता और कप्तान रोहित शर्मा ने भी इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ की। रोहित शर्मा ने जीत के बाद कहा कि लंबे समय से उन्होंने वनडे प्रारूप में किसी भारतीय बॉलर से ऐसा स्पेल नहीं देखा है। प्रसिद्ध काफी तेज गेंदबाजी करता है और लगातार उसे बरकरार रखता है। यह उसे ज्यादा खतरनाक बनाती है।
वहीं मैच के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कि वो लंबे समय से अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत कर रहे थे और टीम को जीत दिलाने के बाद काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। मेरे पास ज्यादा एक्सपेरिमेंट करने को कुछ नहीं था, इस वजह से मैं गुड लाइन पर ही गेंद फेंक रहा था और कोशिश कर रहा था कि इसी को बरकरार रखूं।












Click it and Unblock the Notifications